-शिव-राम भक्तों का उमड़ा सैलाब, जय श्रीराम और बम-बम भोले के उद्घोष से गूंजी

अयोध्या। सावन मास के दूसरे सोमवार को रामनगरी अयोध्या में आस्था का अद्भुत महासंगम देखने को मिला। लाखों की संख्या में शिव और राम भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। त्रेतायुगीन नागेश्वरनाथ मंदिर से लेकर क्षीरेश्वरनाथ, पंचमुखी महादेव और झारखंडेश्वरनाथ समेत शहर के प्रमुख शिवालयों में देर शाम तक हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। रामलला के दरबार से हनुमानगढ़ी तक दर्शनार्थियों की भारी भीड़ जुटी रही। जय श्रीराम और बम-बम भोले के उद्घोष से पूरा अवध क्षेत्र गूंज उठा।
कांवड़ यात्रा के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने सरयू के पवित्र जल से अपने आराध्य का विधिवत अभिषेक किया। विशेष रूप से नागेश्वरनाथ मंदिर में कांवड़ियों का तांता लगा रहा। यहां त्रेतायुग से जुड़े इस प्राचीन मंदिर में भक्तों ने सरयूजल चढ़ाकर भगवान शिव की आराधना की। शहर के अन्य शिवालयों में भी भक्तों की भीड़ देखी गई। श्रद्धा पथ पर अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां कांवड़ियों की लंबी कतारें आगे बढ़ रही थीं।
योगी आदित्यनाथ सरकार के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थलों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही थी। आवागमन सुचारु रखने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन जारी किया था, जिससे यातायात व्यवस्था नियंत्रित रही। कांवड़ पथों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई थी। प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
डीएम एसएसपी घूम घूम कर जान रहे थे श्रद्धालुओं का हाल
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर और ने स्वयं क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने हनुमान गुफा, नयाघाट, पुराना सरयू पुल, साकेत पेट्रोल पंप समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पैदल गश्त कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने संबंधित थानाध्यक्षों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय व अयोध्या एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण भी रामनगरी में घूम-घूम कर हाल-चाल ले रहे थे।
सरकार और पुलिस की व्यवस्था अच्छी : चंदन
कांवड़ लेकर पहुंचे बस्ती के चंदन मिश्रा ने बताया हम हर साल सावन में अयोध्या आते हैं। इस बार सरयू का जल लेकर नागेश्वरनाथ जी का अभिषेक किया। रामलला के दर्शन भी हो गए। सरकार और पुलिस की व्यवस्था बहुत अच्छी है। कोई परेशानी नहीं हुई। बम-बम भोले।
जगह जगह पानी व प्रसाद के इंतजाम : सुरेश
अयोध्या के ही सुरेश तिवारी ने कहा कि हनुमानगढ़ी से रामलला तक का रास्ता भक्ति से भरा था।जगह-जगह पानी और प्रसाद की व्यवस्था थी। शिव और राम दोनों की कृपा बनी रहे। हर हर महादेव।
शिव और राम दोनों ने दर्शन दिए: रामधनी
कांवड़ लेकर पहुंचे बस्ती के रामधनी पांडेय ने बताया कि मैं पिछले 15 साल से कांवड़ यात्रा कर रहा हूं। इस बार सुरक्षा के इंतजाम पहले से कहीं बेहतर लगे। ड्रोन भी उड़ते दिखे। रास्ते साफ थे। भगवान शिव और रामलला दोनों ने दर्शन दिए।
व्यापारियों ने भी की आयोजन की सराहना
शहर के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी इस आयोजन की सराहना की। कई जगहों पर निशुल्क जलपान और चिकित्सा शिविर लगाए गए थे। पुलिस और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। सावन के इस पवित्र अवसर पर अयोध्या ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि यहां आस्था और व्यवस्था दोनों साथ-साथ चलते हैं।
शाम होते-होते भी मंदिरों में भक्तों का आना-जाना जारी रहा। सुरक्षाबलों ने पूरे दिन सतर्कता बरती। डीएम और एसएसपी के निरीक्षण के बाद व्यवस्था और सुदृढ़ हो गई।