-प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा ने जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों के साथ की मैराथन बैठक
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा ने सहादतगंज स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक की। इसमें प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा हुई।
उन्होंने मतदाता जोड़ो अभियान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें। लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारी अपने-अपने बूथों पर लगातार मौजूद रहें। बूथों की अद्यतन स्थिति की जानकारी रखें। वहां संगठन की सक्रियता और जनसंपर्क की नियमित समीक्षा करें। बूथों पर पार्टी के वैचारिक मतदाताओं को सूचीबद्ध करें। उन्होंने कहा कि बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। इसकी मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी से काम करना होगा।
कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि योगी सरकार की कानून व्यवस्था पूरे देश में एक मॉडल के रूप में देखी जा रही है। पदाधिकारी सरकार के इस कार्य की व्यापक स्तर पर चर्चा करें। जनता को सरकार की नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी दें।
उन्होंने संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी जोर दिया। कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी सक्रियता से करे। मतदाता जोड़ो अभियान के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए बूथ स्तर तक निरंतर संपर्क बनाए रखें। बैठक में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचन्दर यादव, अभय सिंह, अमित सिंह चौहान, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, आलोक कुमार सिंह रोहित, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, अभिषेक मिश्र, कमला शंकर पाण्डेय, शैलेन्द्र कोरी, शिवेन्द्र सिंह, राघवेन्द्र पाण्डेय, अशोक कसौंधन, सहित अन्य आपेक्षित पदाधिकारी मौजूद रहे।
31 कार्यकर्ताओं के हाथों में होगी भाजपा की सोशल मीडिया की कमान
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी अयोध्या महानगर ने सोशल मीडिया पर संगठन की गतिविधियों, विचारों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए टीम का गठन किया है। महानगर से लेकर मंडल और विधानसभा स्तर तक कुल 31 कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूची महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और महानगर संयोजक सोशल मीडिया दिनेश कुमार कन्नौजिया के हस्ताक्षर से जारी की गई है।
गठित टीम में जिला स्तर पर एक संयोजक और तीन सह संयोजक सहित कुल 14 कार्यकर्ता शामिल हैं। जिला संयोजक की जिम्मेदारी दिनेश कन्नौजिया को दी गई है। चंदन कसेरा, ज्ञानेन्द्र तिवारी और अभिनव श्रीवास्तव जिला सह संयोजक बनाए गए हैं। इनके अतिरिक्त अवधेश पाण्डेय, राहुल सिंह, राहुल कुमार, आकाश रंजन, आशीष मिश्रा, प्रवीण सिंह, आदित्य गुप्ता, पीयूष पाण्डेय, आर्यन सोनकर और वैभव सिंह को सदस्य बनाया गया है। जिला संयोजक दिनेश कन्नौजिया और सह संयोजक चंदन कसेरा की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी।
मंडल स्तर पर चार मंडलों में तीन-तीन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। करियप्पा मंडल का संयोजक शिवा सोनी को बनाया गया है। संतोष यादव और अभिषेक तिवारी सह संयोजक होंगे। देवकाली मंडल में ओजस श्रीवास्तव संयोजक तथा रौनक और पुष्कर सह संयोजक बनाए गए हैं। अयोध्या मंडल में पवन पाण्डेय को संयोजक, शौर्यवर्धन प्रताप सिंह और गौरव को सह संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। पूरा मंडल में ज्ञानेन्द्र प्रजापति संयोजक तथा निशांत साहू और हिमांशु कन्नौजिया सह संयोजक बनाए गए हैं।
विधानसभा स्तर पर भी पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें रसिक बिहारी पाण्डेय को विधानसभा संयोजक, आशीष सोनी को सह संयोजक तथा उज्ज्वल दीपांकर, शुभम कुमार और ईशांत कमौधान को सदस्य बनाया गया है। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया संगठन की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। नवगठित टीम के कार्यकर्ता आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ संगठन की गतिविधियों को डिजिटल मंचों पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।