-लाखों श्रद्धालुओं ने पावन सरयू नदी में लगाई डुबकी, किया दर्शन-पूजन

अयोध्या। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के दिन पावन सलिला सरयू में लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई और प्रभु श्रीराम और सरयू सलिला का स्मरण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। स्नान ध्यान के बाद प्रभु श्रीराम दर्शन के साथ अयोध्या का पौराणिक कार्तिक मेला सकुशल सम्पन्न हो गया। रामनगरी अयोध्या में जय श्री राम के जयकारे गूंजते रहे। धर्मपथ, रामपथ, सरयू तट, राम पैड़ी, नया घाट सहित अयोध्या की सभी सड़के श्रद्धालुओं से भरी पड़ी रही। जिला प्रशासन नया घाट स्थित नियंत्रण कक्ष से तकनीक के सहारे सभी गतिविधियों पर नजर रखें था।
रामनगरी अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरयू में स्नान का विशेष महत्व है और इसी के साथ कार्तिक मेला का समापन हो जाता है। देश के कोने कोने से लाखों श्रद्धालु कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष में आयोजित अयोध्या की चौदह कोसी परिक्रमा, पांच कोसी परिक्रमा और पूर्णिमा स्नान दान के लिए अयोध्या आते हैं। माना जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरयू में स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है और यह तिथि स्नान, व्रत एवं दान की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दिन भगवान विष्णु ने अपना पहला अवतार लिया था और भगवान शिव ने त्रिपुरासुर असुर का संहार किया था।
कार्तिक पूर्णिमा का यह स्नान कार्तिक मेले का प्रमुख और अंतिम पर्व होता है, जिसकी पूर्णाहुति के साथ ही महीने भर से चल रहे कल्पवास अनुष्ठान का भी समापन हो जाता है। मंगलवार कार्तिक पूर्णिमा स्नान व दर्शन के बाद दोपहर से ही वापसी के लिए श्रद्धालुओं का रेला अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की ओर उमड़ पड़ा। देखते ही देखते स्टेशन के सभी प्लेटफार्म श्रद्धालुओं से ठसाठस भर गए। प्लेटफार्म पर तिल रखने की जगह नहीं बची। ट्रेनों के प्लेटफार्म पर पहुंचते ही बोगियों में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी मच गई।
लोग खिड़कियों से घुसते नजर आए, जिससे कई बार हादसे की स्थिति बनी। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा पर हर साल भीड़ उमड़ती है, इसके बावजूद स्टेशन अधीक्षक की ओर से कोई विशेष इंतजाम नहीं किए गए। न तो अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, न ही बैरिकेडिंग और उद्घोषणा की समुचित व्यवस्था रही। पीने के पानी और बैठने की जगह के लिए भी लोग परेशान रहे।
श्रृंगी ऋषि आश्रम पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गोसाईगंज-अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर पौराणिक स्थल श्रृंगीऋषि आश्रम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं ने सरयू में डुबकी लगाई और श्रृंगीऋषि गुफा में मत्था टेककर मन्नतें मांगी। श्रृंगीऋषि आश्रम पर श्रद्धालुओं का आगमन एक दिन पूर्व ही शाम को होने लगा था। इनमें पुरुषों के अलावा महिलाओं व बच्चों की भी भागीदारी रही। भोर से ही मंदिरों के घंटा-घड़ियाल बजने लगे और श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष व मां काली की जयकार के बीच पावन सलिला सरयू में स्नान कर पूजन-अर्चन किया।इस जगह का महत्त्व रामायण कालीन से है।
अयोध्या के सम्राट राजा दशरथ पुत्र ना होने से दुखी रहते थे। उन्होंने इसकी चर्चा अपने कुलगुरु महर्षि बशिष्ठ जी से की तो कुलगुरु ने उन्हें पुत्रेस्ठि यज्ञ करने की सलाह दी।महाराज दशरथ ने मख भूमि पर श्रृंगी ऋषि के गुरुत्त्व में यज्ञ किया। जिससे उनके चार पुत्र हुए।मान्यता है कि जो भी निरूसंतान दम्पति यंहा आकर पुत्र की कामना करते हुए माथा टेकता है,उसकी कामना पूर्ण होती है। पवित्र सावन में झूलोत्सव, शरद पूर्णिमा, कार्तिक पूर्णिमा आदि पर्वाे पर लोगो की भारी भीड़ होती है।महंत महेंद्र गोस्वामी ने बताया कि श्रृंगीऋषि गुफा के बगल ही इनकी पत्नी मां शांता देवी की गुफा है।
यहां रामजानकी मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, शिवमंदिर, मां दुर्गामंदिर, हनुमान मंदिर समेत नाई मंदिर, प्रजापति मंदिर व मौर्य मंदिर समेत दर्जनों पंचायती मंदिर भी है। यहां पर जाति पांति का कोई भेद नहीं है। रामजानकी मंदिर के महंत बताया कि यह स्थल अयोध्या का प्रथम फाटक होने का गौरव हासिल होने के साथ साथ यह 84 कोसी परिक्रमार्थियों का पड़ाव स्थल भी है। इस स्थल का वैभव काफी विशिष्ट है, इस लिए इस स्थल को पर्यटन मानचित्र में जगह अवश्य मिलना चाहिए।सुरक्षा व्यवस्था में एसएचओ अभिमन्यु शुक्ला अपने दलबल के साथ मुस्तैद रहे।