सपा की सरकार बनने पर पहलवानों को सम्मान के साथ मिलेगी नौकरी : शिवपाल यादव

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-कहा- 2024 में भगवान राम का आशीर्वाद मिला था, 2027 में भी मिलेगा


अयोध्या। रामनगरी अयोध्या पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पहलवानों, लोकगीत गायकों, कलाकारों, कवियों और साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। उनकी सरकार में पहलवानों और प्रतिभाशाली कलाकारों को यश भारती सम्मान के साथ नौकरी भी मिलती थी, लेकिन पिछले दस वर्षों में किसी को ऐसा सम्मान नहीं मिला।

अबकी सरकार बनने पर जिला और तहसील स्तर के पहलवानों को भी सम्मान मिलेगा, जबकि राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को उसी स्तर की नौकरी दी जाएगी। उन्होंने हर गांव में खेल का स्टेडियम बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि आज भगवान राम ने बुलाया है। 2024 में भी भगवान राम का आशीर्वाद मिला था और सपा अयोध्या की सीट जीती थी। 2027 में भी आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में अयोध्या की पांचों समेत प्रदेश की सभी सीटों पर सपा जीत दर्ज करेगी। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य एक है। भाजपा को सत्ता से हटाना और अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है।

शिवपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भगवान राम ने पहले भी समाजवादी पार्टी को जीत दिलाई है। पवन पांडेय को जीत दिलाई और 2024 में अवधेश प्रसाद की भी जीत हुई। उन्होंने कहा कि 2027 में भी राम ही सपा को जिताएंगे। प्रदेश में निश्चित रूप से समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन जारी रहेगा।

इसे भी पढ़े  क्रासिंग खुलवाने को लेकर गेटमैन को बेल्ट से पीटा, केस दर्ज

दोनों मिलकर 2027 का चुनाव जीतेंगे। ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से सपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आजम खान के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में उनका बड़ा सम्मान है। उनके सम्मान के अनुरूप ही उन्हें पद दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने पर अयोध्या के सभी घोटालों की जांच कराई जाएगी। इसमें भूमि घोटाले, नजूल जमीन और सरयू नदी के चरित्र को बिगाड़ने से जुड़े मामले शामिल होंगे। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को बड़ा अपराध बताते हुए इसकी जांच और कार्रवाई की बात कही।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya