राम मंदिर के पास 65.04 करोड़ की लागत से बन रही स्मार्ट पार्किंग

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-परियोजना को 20 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का है लक्ष्य, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा

अयोध्या। योगी सरकार भगवान राम के भक्तों की सुविधा के लिए बड़ी पहल कर रही है। यहां आने वाले लोगों को सुचारु यातायात देने और वाहनों के ठहराव का प्रबंध करने के लिए 474 कारों की क्षमता वाली पजल टाइप मैकेनाइज्ड कार पार्किंग बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच के तहत राम मंदिर के निकट रामकोट एवं कटरा क्षेत्र में मैकेनाइज्ड स्मार्ट पार्किंग का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। परियोजना का पूरा होना 20 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है।

इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 65.04 करोड़ रुपए है और यह उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (सीडी.-2) द्वारा कार्यान्वित की जा रही है। इसके अलावा (बी+जी+1) स्तर पर अतिरिक्त सुविधाएं भी विकसित हो रही हैं, जिनमें 02 डॉरमेट्री (बी+जी+1), 13 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (जी+1), 01 पब्लिक टॉयलेट, 02 सिक्योरिटी केबिन, 01 पंप रूम, 1 यूजीडी (फायर एवं डोमेस्टिक पर्पज) तथा 01 ऑफिस शामिल हैं।

यह स्मार्ट पार्किंग न केवल वाहनों की पार्किंग समस्या का समाधान करेगी, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त होकर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाएगी। निर्माण कार्य की शुरुआत 21 जून 2025 को हुई थी। लोक निर्माण विभाग खंड (सीडी-2) के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि वर्तमान में परियोजना 57% पूरी हो चुकी है। निर्माण कार्य में सिविल स्ट्रक्चर, रिटेनिंग वॉल, ब्रिक वर्क, बेसमेंट, वॉटर टैंक, शॉप-फिनिशिंग एवं एमईपी (मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं प्लंबिंग) कार्य शामिल हैं।

डॉरमेट्री में श्रद्धालु कर सकेंगे आराम

राम मंदिर क्षेत्र में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग हमेशा से एक बड़ी चुनौती रही है। इस स्मार्ट पार्किंग के पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था में काफी सुधार होगा। मैकेनाइज्ड सिस्टम से कम जगह में अधिक वाहनों की पार्किंग संभव होगी, जिससे सड़कों पर जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।

इसे भी पढ़े  कुलपति ने 32 छात्र-छात्राओं को बांटे नियुक्ति पत्र

इस परियोजना में केवल पार्किंग ही नहीं, बल्कि बहुआयामी विकास का ध्यान रखा गया है। डॉरमेट्री में थके हुए श्रद्धालुओं को आराम करने की व्यवस्था होगी। शॉप कॉम्प्लेक्स में स्थानीय उत्पादों, प्रसाद और धार्मिक सामग्री की दुकानें होंगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। पब्लिक टॉयलेट, सिक्योरिटी केबिन और आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सुनिश्चित करेंगे।

इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर दिया जा रहा विशेष जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को विश्व स्तर का धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। राम मंदिर निर्माण के बाद अब इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्मार्ट पार्किंग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना न केवल यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाएगी, बल्कि अयोध्या की छवि को आधुनिक और सुविधाजनक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करेगी। निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों, ठेकेदारों और सप्लायर्स को लाभ पहुंच रहा है। पूरा होने के बाद यहां रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, खासकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े क्षेत्रों में।

भीड़ प्रबंधन अब और बेहतर होगा

श्रद्धालु अब बिना किसी परेशानी के राम मंदिर पहुंच सकेंगे। वाहन पार्किंग के बाद पैदल या शटल सेवा से मंदिर तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा। इससे मंदिर क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन भी बेहतर होगा। अयोध्या में यह पहली बड़ी मैकेनाइज्ड स्मार्ट पार्किंग परियोजना है। सफल होने पर इसे अन्य क्षेत्रों में भी दोहराया जा सकता है। सरकार का लक्ष्य है कि अयोध्या न केवल आध्यात्मिक केंद्र बने, बल्कि विश्व का सबसे सुविधाजनक धार्मिक पर्यटन स्थल भी बने।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya