– रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से श्रद्धालुओं और यात्रियों को मिली सहूलियत, अयोध्या धाम-कैंट स्टेशन का हुआ आधुनिकीकरण
अयोध्या। वर्ष 2014 के बाद अयोध्या में रेल सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिली है। रेल लाइन के दोहरीकरण और विद्युतीकरण से लेकर आधुनिक रेलवे स्टेशनों के निर्माण, नई ट्रेनों के संचालन और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव की सुविधा तक कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। इन प्रयासों से अयोध्या की रेल कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों के आवागमन को भी पहले से अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम हुआ है।
भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद वर्ष 2014 और 2019 के अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने अयोध्या की रेल सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए लगातार रेल मंत्रालय से संपर्क और समन्वय बनाए रखा। राममंदिर निर्माण की शुरुआत से कई वर्ष पहले ही इस दूरगामी परिकल्पना को धरातल पर उतारने की पहल शुरू हो गई थी। तब अयोध्या के रेल विकास की जो रूपरेखा तैयार की गई थी, आज वह एक विस्तृत तस्वीर के रूप में सामने आ रही है। देश के कोने-कोने से अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेल आवागमन का प्रमुख माध्यम बन चुकी है। राममंदिर निर्माण के साथ अयोध्या की बढ़ती धार्मिक और पर्यटन महत्ता ने इन प्रयासों को और अधिक प्रासंगिक बना दिया है।
दोहरी रेल लाइन और विद्युतीकरण से बढ़ी रेल क्षमता
बाराबंकी-अयोध्या-जौनपुर रेलखंड पर लगभग 238 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य रेल यातायात की क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा है। इसके साथ अकबरपुर-अयोध्या कैंट-बाराबंकी रेलखंड और अयोध्या कैंट-सुल्तानपुर रेलखंड का विद्युतीकरण किया गया। अयोध्या प्रयागराज मार्ग पर लाइन दोहरी कारण का कार्य चल रहा है।इससे इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन को सुविधा मिली और रेल परिचालन अधिक सुगम हुआ। अयोध्या और अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशनों पर यार्ड रीमॉडलिंग के कार्य भी कराए गए।
अयोध्या धाम और कैंट स्टेशन का आधुनिकीकरण
अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का प्रथम चरण में 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकास किया गया। मंदिर की स्थापत्य शैली पर आधारित तीन मंजिला आधुनिक भवन के साथ लिफ्ट, एस्केलेटर, प्रतीक्षालय, फूड प्लाजा, क्लॉक रूम, चाइल्ड केयर रूम, यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट विकसित किए गए। करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से 128 मीटर लंबे एयर कॉनकोर्स का भी विकास किया गया है।
स्टेशन के दूसरे चरण में करीब 484 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य स्वीकृत हैं। इसमें दूसरे प्रवेश द्वार, नए भवन और प्लेटफॉर्म संख्या चार से छह तक के विकास की योजना शामिल है। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। यहां दो लिफ्ट, दो एस्केलेटर, प्लेटफॉर्म का उच्चीकरण और सरफेसिंग, वाशेबल एप्रन, अतिरिक्त शौचालय और वाटर बूथ, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, एलईडी लाइटिंग और प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
स्टेशन पर 265 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र और 225 किलोलीटर क्षमता की आरसीसी ओवरहेड पानी की टंकी भी स्थापित की गई है। इसके अलावा विद्युत कोचिंग प्रशिक्षण केंद्र, लोको सबस्टेशन और विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्यों के साथ यार्ड रीमॉडलिंग तथा यूनिवर्सल कोच मेंटेनेंस परियोजना पर भी काम हुआ है। भव्य अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन का निर्माण जल्द ही प्रारम्भ होगा।
नई ट्रेनों से देश के प्रमुख शहरों से जुड़ा अयोध्या
अयोध्या और आसपास के यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई रेल सेवाएं शुरू की गईं। इनमें अयोध्या कैंट-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस (22425/22426), दरभंगा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस (15557/15558), गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस (22549/22550), पटना-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस (22345/22346) और अयोध्या कैंट-कानपुर अनवरगंज इंटरसिटी (14221/14222) शामिल हैं।
इसके साथ छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस (15053/15054), कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस (15623/15624), प्रयागराज-बस्ती मनवर संगम (14117/14118), रामेश्वरम-फैजाबाद श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस (16793/16794) और मऊ-लखनऊ एक्सप्रेस (15071/15072) जैसी सेवाओं से भी रेल संपर्क का विस्तार हुआ है। विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की सुविधा बढ़ने से अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन के अतिरिक्त विकल्प मिले हैं।
अमृत भारत योजना में तीन स्टेशनों का विकास
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दर्शननगर, भरतकुंड और रामघाट हाल्ट रेलवे स्टेशनों के विकास कार्य कराए गए हैं। इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया गया है। इससे अयोध्या के आसपास के क्षेत्रों में रेल यात्रियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास हुआ है।
माल ढुलाई और रेल आधारभूत ढांचे का विस्तार
यात्री सुविधाओं के साथ माल परिवहन से जुड़े ढांचे को भी विकसित किया गया है। सलारपुर में फ्रेट टर्मिनल का विकास किया गया है। बिल्हरघाट और रौजागांव में गुड्स शेड की सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास से जुड़े कार्यों के माध्यम से रेल और सड़क यातायात को सुगम बनाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
अयोध्या कैंट स्टेशन पर भी विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं : लल्लू सिंह
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने अयोध्या में रेलवे के विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए वर्तमान रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ पूर्व रेलमंत्री डी.वी. सदानंद गौड़ा, सुरेश प्रभु और पीयूष गोयल के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अलग-अलग कार्यकाल में रेल मंत्रालय का दायित्व संभालने वाले मंत्रियों के सहयोग और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से अयोध्या में रेल लाइन के दोहरीकरण, विद्युतीकरण, रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और नई ट्रेनों के संचालन सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। इनसे अयोध्या की रेल कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है और श्रद्धालुओं व यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिली हैं।
उन्होंने कहा कि भव्य अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन का निर्माण जल्द ही प्रारम्भ होगा। यहां अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की तर्ज पर अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने के साथ यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। अयोध्या को देश के अन्य प्रमुख धार्मिक और व्यावसायिक शहरों से जोड़ने के लिए नई रेल सेवाओं का संचालन भी कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और व्यापारियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल सेवा शुरू किए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अयोध्या के साधू संतो की ओर से आभार व्यक्त किया।