– एबीवीपी ने सत्र 2026-27 के लिए सौंपी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, समाजसेवी प्रभात यादव के पुत्र हैं अंशुल, चयन से गांव और क्षेत्र में खुशी
अयोध्या। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज की सत्र 2026-27 की नवीन इकाई में अयोध्या के अंशुल यादव को अध्यक्ष बनाया गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। अंशुल अयोध्या के मिर्जापुर निमौली गांव निवासी और समाजसेवी प्रभात यादव के बड़े पुत्र हैं। उनके चयन की जानकारी मिलने के बाद पूरे जनपद के लोगों में खुशी है।
वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में अध्ययनरत अंशुल यादव छात्रहित से जुड़े मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इसी सक्रियता और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें कॉलेज इकाई के अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर अंशुल ने विद्यार्थी परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
अंशुल यादव ने कहा कि विद्यार्थी परिषद की विचारधारा, राष्ट्रहित और छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए वह अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। कॉलेज के विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच पर प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, कॉलेज में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए प्रयास करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करना जरूरी है।
इसके लिए विद्यार्थी एकता को मजबूत करने के साथ युवाओं को रचनात्मक और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अंशुल ने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से हंसराज कॉलेज इकाई को और अधिक सक्रिय, सशक्त एवं प्रभावशाली बनाया जा सकेगा। साथ ही युवाओं में नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।