-गैस एजेंसी की गाड़ी से उतर रहा था सिलेंडर, पटखौली चौराहे पर तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने गैस लदी पिकअप को मारी टक्कर
मिल्कीपुर। इनायतनगर थाना क्षेत्र के पटखौली चौराहे पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर की टक्कर से 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब गैस एजेंसी की पिकअप गाड़ी से गैस उतारी जा रही थी। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही बोलेरो कैंपर ने गैस लदी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की चपेट में आकर भगवानदीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान भगवानदीन पुत्र रोघई निवासी ग्राम पटखौली करमडांडा, थाना इनायतनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार सुबह करीब 10:10 बजे पटखौली चौराहे पर गैस एजेंसी की पिकअप संख्या UP42CT2154 खड़ी थी और उससे गैस उतारी जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर संख्या UP42CT1571 के अज्ञात चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पिकअप चालक और गैस एजेंसी के कर्मचारी बाल-बाल बच गए, जबकि पास में मौजूद भगवानदीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में पास खड़ी स्कूटी संख्या UP42BE0696 भी क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक के पुत्र रामधीरज रावत की तहरीर पर इनायतनगर पुलिस ने बोलेरो कैंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 494/26 के तहत धारा 281, 106(1) एवं 324(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जोखन यादव को सौंपी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण प्रभारी निरीक्षक शिवेंद्र पाल एवं उपनिरीक्षक आशीष भारती ने किया। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य है।