क्रासिंग खुलवाने को लेकर गेटमैन को बेल्ट से पीटा, केस दर्ज

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-आरोपियों की रौनाही पुलिस कर रही तलाश

सोहावल-अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के सुचित्तागंज बाजार स्थित रेलवे फाटक संख्या 130 स्पेशल पर शनिवार रात बंद गेट खुलवाने को लेकर जमकर बवाल हुआ। ट्रेन गुजरने से पहले फाटक खोलने का दबाव बना रहे बाइक सवार दो युवकों ने गेटमैन की पिटाई कर दी। आरोप है कि युवकों ने गेटमैन को लात-घूंसों के साथ बेल्ट से भी पीटा। घटना के बाद रेलवे फाटक करीब एक घंटे तक बंद रहा। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस समेत सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। सूचना पर पहुंची जीआरपी और रौनाही पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद आवागमन बहाल कराया।

शनिवार रात लगभग 10 बजे अयोध्या से लखनऊ की ओर मरुधर एक्सप्रेस (14853) गुजरने वाली थी। रेलवे की समय सारिणी के अनुसार ट्रेन के रन थ्रू होने के चलते फाटक संख्या 130 बंद किया गया था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और गेटमैन से फाटक खोलने का दबाव बनाने लगे। गेटमैन प्रवीण कुमार ने ट्रेन गुजरने के बाद ही फाटक खोलने की बात कही।

इस बात को लेकर युवकों और गेटमैन के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने प्रवीण कुमार पर हमला कर दिया। युवकों ने लात-घूंसों से मारने के साथ पैंट से बेल्ट निकालकर भी उनकी पिटाई की। किसी तरह बचकर निकले गेटमैन ने नजदीक स्थित स्टेशन मास्टर के पास पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद रेलवे अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और रौनाही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। घायल गेटमैन प्रवीण कुमार का सीएचसी सोहावल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।

इसे भी पढ़े  नेताजी के सपनों का समाजवादी उत्तर प्रदेश बनाने का संकल्प, 2027 में सपा सरकार बनाना ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि : पवन पांडेय

उधर फाटक बंद रहने से सोहावल तहसील गेट से सुचित्तागंज बाजार तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोनों ओर दोपहिया और चार पहिया वाहनों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान सीएचसी आने-जाने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। बताया गया कि जाम के दौरान करीब चार ट्रेनें गुजरीं। जिसके चलते फाटक बंद रहा और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। स्थिति सामान्य होने के बाद रेलवे गेट खोला गया और यातायात बहाल हो सका। रेलवे गेट बंद होने से वाहनों का लंबा जाम लग गया।

इसके सामानय होने तक वाहनों को इधर-उधर के रास्तों से गुजरना पड़ा। गेटमैन की तहरीर पर रौनाही पुलिस ने केस दर्ज किया है। स्टेशन मास्टर सोहावल कुणाल बसु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जानकारी लखनऊ स्थित डीआरएम कार्यालय को भी दी गई है। गेटमैन प्रवीण कुमार की ओर से बाइक सवार युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है। सुचित्तागंज चौकी प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya