अयोध्या के पर्यटन विकास में चार चांद लगाएगी उधेला झील

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-381.48 लाख रुपये की परियोजना के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा, मिट्टी भराव और बांस से तैयार किए गए हैं प्राकृतिक मार्ग


अयोध्या। उत्तर प्रदेश में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने की दिशा में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में अयोध्या में मिल्कीपुर-अमानीगंज रोड स्थित उधेला झील क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परियोजना पूर्ण हो गई है। परियोजना में आधुनिक सुविधाओं का भी समावेश किया गया है, जैसे सोलर सबमर्सिबल पंप, बाहरी विद्युत कार्य, आउटडोर साउंड सिस्टम और हाई मास्ट लाइटिंग।

इसके साथ ही प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखने के लिए मिट्टी भराव और बांस से प्राकृतिक मार्ग तैयार किए गए हैं, जिससे पर्यटकों को आकर्षक अनुभव मिल सके। योगी सरकार की यह पहल न केवल अयोध्या के पर्यटन मानचित्र को और सशक्त बनाएगी, बल्कि स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगी।

सरकार का उद्देश्य प्रदेश के धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है, जिसमें यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है। इस परियोजना का क्रियान्वयन यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया गया है। वर्ष 2023–24 में स्वीकृत इस योजना की कुल लागत 381.48 लाख रुपये निर्धारित की गई थी, जबकि 357.22 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत एवं व्यय की जा चुकी है।

जानिए, बदलाव के बाद कैसी दिखेगी झील

परियोजना के अंतर्गत झील के आसपास व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें पथवे और ट्रैक का निर्माण, पैदल यात्रियों के लिए सुविधाजनक मार्ग, झील के बीच में मिट्टी का टीला, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, शौचालय ब्लॉक, टिकट काउंटर, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, घाट एवं तटबंध निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा सुरक्षा और सौंदर्य के दृष्टिकोण से पत्थर की पिचिंग, रेलिंग, सीमा दीवार, वॉच टावर, कैफेटेरिया, छतरी, कांक्रीट जेम, बांस कॉटेज, सैंड स्टोन बेंच और डोल्फिन आकृतियों का निर्माण भी कराया गया है।

इसे भी पढ़े  अयोध्या के चार कुंड का रखरखाव करेगा श्री श्री रविशंकर का ट्रस्ट

साफ-सफाई एवं हस्तांतरण की प्रक्रिया प्रगति पर

यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड अयोध्या के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि परियोजना की वर्तमान स्थिति के अनुसार, अवशेष धनराशि की प्राप्ति के पश्चात कार्य पूर्ण कर लिया गया है और अब स्थल की साफ-सफाई एवं हस्तांतरण की प्रक्रिया प्रगति पर है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही यह स्थल आम जनता और पर्यटकों के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya