सीएम योगी के दौरे को लेकर सुबह 9 बजे से लागू होगा रूट डायवर्जन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-दर्शन पूजन के साथ ट्रेन के शुभारंभ और कथा में शामिल होंगे सीएम

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को प्रस्तावित अयोध्या आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के मद्देनजर अयोध्या धाम क्षेत्र में यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। यातायात पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार सुबह 9 बजे से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। विशेष रूप से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

तय यातायात व्यवस्था के तहत विद्याकुंड चौराहे से कनीगंज और रायगंज की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन आसिफबाग चौराहे से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। इसी तरह कनीगंज-रायगंज तिराहे से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहनों को विद्याकुंड चौराहा, लंगड़वीर और टेढ़ी बाजार फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन से होते हुए रेलवे स्टेशन गेट तक पहुंचना होगा।

जैन मंदिर तिराहे से कनीगंज और रायगंज की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को रामघाट चौराहे से अपने गंतव्य की ओर जाना होगा। वहीं इकबाल अंसारी आवास तिराहे से रामपथ की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन टेढ़ी बाजार फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन से होकर स्टेशन गेट तक पहुंच सकेंगे।

श्रीराम अस्पताल तिराहे से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। स्टेशन जाने वाले वाहनों के लिए टेढ़ी बाजार फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन का इस्तेमाल करने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों के वाहन टेढ़ी बाजार की ओर लंगड़वीर फ्लाईओवर और रेलवे स्टेशन के मध्य बने पार्किंग स्थल में खड़े किए जाएंगे। यातायात पुलिस और प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा समय से पहले शुरू करें।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya