-एक किशोर का शव पानी से बरामद, दूसरे की तलाश जारी

सोहावल। सरयू नदी के ढेमवा घाट पर परिजनों के साथ अधिमास में प्रतिदिन की तरह नहाने आए तीन किशोर नदी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा पिता भी फिसल कर गहरे पानी में चला गया। जिसे मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने बड़ी मुश्किल से बचा लिया जब कि डूबे दो किशोर नदी में बह गये। 3 घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने एक शव बरामद किया।
जिसे पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। क्षेत्र के गौरा बभनान के मजरे तरसावन का पुरवा निवासी ओम कार गुप्ता अपनी पत्नी व अपने दो पुत्र आदित्य 11 वर्ष दिव्यांश 10 वर्ष और गांव के ही निवासी अर्जुन प्रजापति अपने पुत्र शिवांश प्रजापति 12 वर्ष के साथ शनिवार की सुबह सरयू स्नान करने गए थे। यह परिवार पूरे अधिमास में प्रतिदिन नहाता रहा है।
नहाने के दौरान आदित्य तो निकल आया लेकिन दिव्यांश और शिवांश दोनों डूबने लगे।उन्हें बचाने के लिए पिता ओंकार गुप्ता ने प्रयास किया और वह भी गहरे पानी में चले गए डूबने वाले थे कि मौजूद एक ग्रामीण ने एक डंडे के सहारे उन्हें निकाल लिया। लेकिन तब तक दोनों अन्य किशोर डूब कर बह चुके थे। मौके पर दोनों परिवारों में कोहरा मच गया।
बचाव और खोजने के लिए सूचना पर पहुंची रौनाही पुलिस के साथ उप जिलाधिकारी सुश्री सविता, नायब तहसीलदार रेशू जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ,सीओ सदर अरविंद सोनकर,रौनाही प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ को बुलाया और खोजबीन शुरू हुई। लगभग 3 घंटे मशक्कत के बाद घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एक किशोर दिव्यांश का शव बरामद किया गया। जबकि दूसरे की तलाश अभी जारी है।
उप जिलाधिकारी सविता ने बताया कि शव की तलाश के लिए हर संभव कोशिश हो रही है। साथ ही विधिक कार्रवाई की जा रही है। सांत्वना देने पहुंचने वालों में सांसद अवधेश प्रसाद, भाजपा विधायक डा. अमित सिंह चौहान, सपा नेता अनूप सिंह, फिरोज खान गब्बर, एजाज अहमद आदि रहे।