जनकपुर से रामलला के लिए आया मायके का तिलक, हुआ स्वागत

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-नेपाल के सभामुख रामाशीष यादव के नेतृत्व में 51 सदस्यीय दल पहुंचा अयोध्या, सरयू-कमला एक्सप्रेस से पहली बार सीधे पहुंचे श्रद्धालु


अयोध्या। सीता के मायके जनकपुर से रामलला के लिए तिलक लेकर 55 सदस्यीय तिलकहरू दल रविवार को अयोध्या पहुंचा। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर दल का स्वागत किया। नेपाल के मधेश प्रदेश के सभामुख रामाशीष यादव के नेतृत्व में आए दल में जनकपुर के मेयर मनोज कुमार शाह, जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव और नेपाल विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सदस्य मनोहर शाह सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं।

नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस की पहली सीधी सेवा से रविवार सुबह 7.20 बजे अयोध्या पहुंचने वाले यात्रियों में 55 तिलकहरू भी शामिल थे। श्रद्धालुओं ने पहली सीधी रेल यात्रा को सुखद बताते हुए कहा कि अब अयोध्या आने के लिए ट्रेन बदलने और बस पकड़ने की परेशानी नहीं होगी। जनकपुर से अयोध्या तक सीधी रेल सेवा शुरू होने से दोनों धार्मिक नगरों के बीच श्रद्धालुओं का आवागमन आसान होगा। ट्रेन पूरी तरह यात्रियों से भरी हुई थी। तिलकहरू दल में 10 महिलाएं भी शामिल हैं, जो विवाहोत्सव के दौरान माता सीता की सखियों के रूप में पारंपरिक रस्में निभाएंगी। जनकपुर से रामलला के लिए सोने-चांदी के आभूषण, फल, मेवा, मिठाई और वस्त्र सहित विभिन्न उपहार लाए गए हैं।

अयोध्या में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रामलला को तिलक लगाकर भार अर्पित किया जाएगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले सप्ताह अयोध्या से शुरू हुई साप्ताहिक ट्रेन से बड़ी संख्या में नेपाली श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। रेलवे स्टेशन पर स्वागत के बाद तिलकहरू दल को कारसेवकपुरम ले जाया गया, जहां से आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर के बीच सदियों पुरानी परंपरा है।

इसे भी पढ़े  यातायात माह के तहत 959 वाहनों का हुआ ई चालान

राम विवाह से पहले जनकपुर से तिलकहरू दल अयोध्या आता है और मायके पक्ष की ओर से विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। अयोध्यावासी भी परंपरानुसार दल का स्वागत-अभिनंदन करते हैं। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अयोध्या और जनकपुर के बीच पारिवारिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों की जीवंत परंपरा का प्रतीक है। अयोध्या महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने भी माता जानकी की जन्मभूमि जनकपुर धाम से तिलक लेकर आए सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya