-कुलपति ने विभिन्न प्रक्षेत्रों का भ्रमण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की, अधिकारियों के साथ बैठक में दिए अहम दिशा-निर्देश
अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को परिसर स्थित एनएसपी-6 और डेयरी प्रक्षेत्र का दौरा कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने अपने हाथों से गायों को गुड़ और मछलियों को दाने भी खिलाए। कुलपति ने प्रसार निदेशालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा की। कुलपति ने डेयरी प्रक्षेत्र पर पशुओं के नस्ल, रख-रखाव व उनकी संख्या पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक तरीके से तैयार हल्दी व सूरन की खेती को देखा। कुलपति ने मेघालय की हल्दी लगाने का निर्देश दिया जिसमें अन्य किस्मों की अपेक्षा करक्यूमिन की मात्रा अधिक होती है। कुलपति ने प्रसार निदेशालय के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी केवीके पर आई.एफ.एस मॉडल (समन्वित कृषि प्रणाली) को प्रभावी तरीके से बनाया जाए जिससे किसानों को कम खर्च में अधिक उत्पादन और मुनाफा हासिल हो सके। इससे किसान आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
इस दौरान कुलपति ने अधिकारियों के साथ सीड हब, सीड बैंक व सामुदायिक सीड बैंक पर चर्चा की। इससे किसानों तक ऊच्च गुणवत्ता वाले सीड पहुंच सकेंगे। कुलपति डा. सिंह ने कहा कि विवि परिसर व कृषि विज्ञान केंद्रों पर प्राकृतिक खेती को और अधिक बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने सभी केवीके के माध्यम से किसानों को ट्रेनिंग देने की बात कही जिससे कि प्राकृतिक खेती की तरफ किसानों का झुकाव तेजी के साथ बढ़ सके। इस मौके पर निदेशक प्रसार डा. रामबटुक सिंह, वरिष्ठ प्रसार अधिकारी, डा. के.एम. सिंह, संयुक्त निदेशक एनएसपी-6 डा. एस. पी. सिंह, सह प्राध्यापक डा. महेंद्र सिंह, पर्यवेक्षक अजय सिंह मौजूद रहे।