अयोध्या। जनपद के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में हुए अलग अलग हादसों में एक छात्रा समेत दो की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है। बताया गया कि चौरे बाजार में निधियावां मोड पर मंगलवार सुबह स्कूल जा रही 15 वर्षीय छात्रा की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसा अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर चौरे बाजार के निधियांव मोड़ के पास सुबह करीब नौ बजे हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृत छात्रा की पहचान मुस्कान उर्फ चाहत (15) पुत्री अतर चौहान, निवासी परोमा मठिया, थाना कोतवाली बीकापुर, अयोध्या के रूप में हुई है। वह चौरे बाजार स्थित त्रिलोकी नाथ इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। घटना की सूचना पर चौरे बाजार पुलिस चौकी के प्रभारी बुद्धिमान सिंह और हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया है।
वहीं इसी कोतवाली क्षेत्र के जानकीपुर गांव निवासी युवक 20 वर्षीय सुरजेश पुत्र परशुराम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पिता परशुराम ने उसको उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया तो इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद सुरजेश को मृत घोषित कर दिया। नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि जिला अस्पताल प्रशासन के मेमो पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।