-मिशन शक्ति के तहत महिलाओं- बालिकाओं को किया जागरूक
अयोध्या। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को अयोध्या में मिशन शक्ति फेज-छह के तहत पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस लाइन से नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया। इसमें महिला पुलिसकर्मियों और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों ने भाग लिया।
पुलिस लाइन से शुरू हुआ पैदल मार्च पत्रकार चौराहा, रिकाबगंज और हनुमानगढ़ी होते हुए चौक तक पहुंचा। मार्च का नेतृत्व एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक, महिला थाना की थानाध्यक्ष, ट्रैफिक इंस्पेक्टर और मिशन शक्ति प्रकोष्ठ के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। रास्ते में विभिन्न चौराहों पर महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट वितरित कर उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को कानूनी अधिकारों, महिला कल्याणकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090 और 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी जा रही है। महिलाओं और बालिकाओं को छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध जैसी घटनाओं की स्थिति में बिना डर पुलिस से सहायता लेने तथा शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।