-पूर्व मंत्री ने एसआईआर प्रक्रिया पर लगाया गम्भीर आरोप, कहा-अयोध्या विधान सभा के एक बूथ पर काटे गए 150 से ज्यादा वोट
अयोध्या। मतदाता सूची जारी होने के बाद समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। सपा के पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय पवन ने प्रेस वार्ता कर भाजपा और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 222 जनौरा और गंजा में 150 से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि सभी प्रभावित लोगों ने निर्धारित फॉर्म भरकर समय से जमा किए थे, इसके बावजूद उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।
प्रेस वार्ता के दौरान सपा नेताओं ने मीडिया के सामने सरकारी रजिस्टर की सूची भी दिखाई, जिसमें संबंधित मतदाताओं के नाम दर्ज बताए गए। इस दौरान उन लोगों को भी मीडिया के सामने पेश किया गया, जिनके नाम सूची से हटाए गए हैं। सपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा और अधिकारियों की मिलीभगत से पूरे मामले में भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पवन पांडे ने बताया कि मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है।
उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं उन्हें दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की। प्रेस वार्ता में पवन पांडे ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक से 30 लाख से अधिक विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सरकार नौजवानों के हाथ में “कटोरा देकर पकोड़ा तलवाना” चाहती है।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

समाजवादी पार्टी अयोध्या महानगर का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे पवन के नेतृत्व में जिला अधिकारी से मिलकर एक ज्ञापन सौपा। महानगर प्रवक्ता राकेश यादव ने बताया अयोध्या विधानसभा की भाग संख्या 222 में मतदान स्थल भौतिक भवन डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में पड़ने वाले लगभग 150 मतदाताओं के फॉर्म 6 के माध्यम से बीएलओ गीता को जमा कराया गया था अंतिम सूची प्रकाशित होने पर सभी 150 नाम मतदाता सूची में नहीं थे इसकी शिकायत एसडीएम सदर से भी किया गया लेकिन कोई सही जवाब न मिलने पर प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर सभी साक्ष्य के साथ शिकायत दर्ज करायी, भाग सख्या 8 में एक ही नाम के व्यक्ति का दो जगह नाम मतदाता सूची में है इसकी शिकायत भी दर्ज करायी, जिला अधिकारी ने आश्वस्त किया कि इसकी जांच कराई जाएगी और अगर कोई गडबड़ी पायी गयी तो कार्यवाही होगी,
प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से महानगर के अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव महासचिव हामिद जाफर मीसम प्रदेश सचिव राम अचल यादव , उपाध्यक्ष श्री चंद यादव, राकेश पांडे, संजय सिंह,मंसूर इलाही एडवोकेट, अधिवक्ता सभा राष्ट्रीय महासचिव शावेज जाफरी एडवोकेट,वीरेंद्र गौतम, राम प्रकाश यादव, अपर्णा जायसवाल,अजय यादव आदि लोग मौजूद रहे।