-सायरन बजते ही कटी बिजली, अलर्ट हुआ शहर
अयोध्या। युद्ध अथवा किसी बड़ी आपदा की स्थिति में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए अयोध्या में पोस्ट ऑफिस चौराहे पर ब्लैकआउट एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सायरन बजते ही शहर में अलर्ट जारी हो गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ब्लैकआउट कराकर आपातकालीन स्थिति से निपटने का अभ्यास किया गया।
सिविल डिफेंस विभाग की अगुवाई में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस मॉक ड्रिल में पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, परिवहन और राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान सबसे पहले एयर रेड का सायरन बजाया गया, जिसके बाद शहर में ब्लैकआउट की प्रक्रिया अपनाई गई।
मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग ने आग बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए एंबुलेंस और फायर टेंडर पहले से निर्धारित स्थानों पर तैनात किए गए थे। निर्देश मिलते ही संबंधित टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।
इस दौरान एडीएम सिटी दिनेश, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य युद्ध या किसी बड़ी आपदा के दौरान नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने, राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और तैयारियों का परीक्षण करना था।