-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर नगर निगम की ठोस पहल, सप्ताह में एक दिन पार्षद करेंगे सार्वजनिक वाहन का प्रयोग
अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन खर्च में कमी लाने के आह्वान के मद्देनजर महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयंत कुमार ने अपना एस्कॉर्ट नगर निगम को वापस कर दिया है। तिलक हाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर ने बताया कि नगर निगम ने पेट्रोल एवं डीजल खर्च में कमी लाने के लिए ठोस रणनीति बनाई है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के सभी पार्षद सोमवार को निजी वाहनों का प्रयोग नहीं करेंगे और वह नगर निगम सार्वजनिक वाहन से ही आएंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि डीजल खर्च में कटौती के लिए विभागों को जनरेटर का प्रयोग अत्यंत आवश्यक होने पर ही करने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि कूड़ा उठाने के वाहनों को छोड़कर अन्य वाहन का इस्तेमाल कम से काम किया जाए।
नगर निगम के पास उपलब्ध कूड़ा ढोने के वाहनों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। आवश्यकता होने पर अधिकारी एक ही वाहन से ग्रुप में आए-जाएंगे। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों से अपेक्षा की गई है कि सार्वजनिक वाहन से ही कार्यालय आए। महापौर ने पार्षदों से भी अधिक डीजल-पेट्रोल खर्च वाले वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहन या दोपहिया का प्रयोग करने की अपेक्षा की है। पत्रकार वार्ता में उपसभापति संतोष सिंह, वरिष्ठ पार्षद अनुज दास, सपा पार्षद दल के नेत विशाल पाल, अर्जुन यादव सोमू, जगत नारायण यादव, अजय पांडे, अखिलेश पांडे, अमित गुप्त आदि मौजूद थे।
बड़ामंगल पर फलों के भंडारे का आह्वान
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बड़ा मंगल को होने वाले भंडारे में कम ईंधन खर्च हो, इसके लिए फल, लस्सी, जूस, शर्बत आदि का वितरण करें। पत्तल अथवा कागज का दोना एवं पत्तल इस्तेमाल करें, जो प्लास्टिक कोटेड ना हो। भंडारा स्थलों पर नगर आयुक्त ने जीरो प्लास्टिक का पोस्टर लगवाने का भी निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया है।