-स्वच्छता,खाद्यान्न वितरण एवं गौशालाओं के संचालन में लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं, गौशालाओं की समीक्षा, जिला स्वच्छता समिति तथा जिला आपूर्ति/खाद्यान्न समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। डिजिटल लाइब्रेरी में पुस्तकें, फर्नीचर आदि ,पंचायत उत्सव भवन, अंत्येष्टि स्थल , बहुद्देशीय पंचायत भवन की भी समीक्षा की गई। उक्त में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
गौशालाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंशों के संरक्षण, चारा, पेयजल एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए। गोशालाओं के लिए नेपियर घास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम में गोवंशों के लिए आवश्यक शेड,कुलर पंखे,पेयजल आदि व्यवस्थाए कराने के निर्देश दिए। कहा कि केयर टैंकरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।
गोशालाओं में नर-मादा पृथक्करण की व्यवस्था कराई जाए। पशु चिकित्सक गोवंशों की नियमित जांच करें। यदि कोई दिक्कत है तो समय से अवगत कराए। जिला स्वच्छता समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, कूड़ा निस्तारण एवं साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जाए। डीपीआरओ को निर्देश दिया ग्राम पंचायतो का संचालन सुदृढ़ कराया जाए। पंचायत सहायकों को समय से मानदेय दिया जाए। मानदेय भुगतान लंबित ना रखा जाए।
जिला आपूर्ति एवं खाद्यान्न समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखी जाए। शिकायत प्राप्त होने पर त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सभी बीडीओ को निर्देश दिया फैमिली आईडी के कार्य में प्रगति लाई जाए। प्रतिदिन 50-60 आईडी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की जानकारी प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नव निर्मित सर्किट हाउस निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अयोध्या जनपद में कौशल्या घाट के निकट निर्माणाधीन जी$3 मंजिला सर्किट हाउस भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्किट हाउस एवं निरीक्षण भवन के विस्तार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। लगभग 16 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहे इस अत्याधुनिक सर्किट हाउस में आगंतुकों एवं अधिकारियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जहां कहीं भी कमी दिखाई दे उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए। जिलाधिकारी ने सर्किट हाउस परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देशित किया कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित जो भी समस्याएं लंबित हैं, उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए, ताकि जनपद को शीघ्र ही इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ मिल सके। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अरविंद कुमार,अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-2 लोक निर्माण विभाग सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।