-सरयू-तमसा संरक्षण का लिया संकल्प

अयोध्या। लोक दायित्व संस्था के तत्वावधान में आयोजित ‘रघुभूमि से तपोभूमि तक’ नदी यात्रा का शुभारंभ सोमवार को रामनाम, वैदिक मंत्रोच्चार और संतों के आशीर्वाद के बीच हुआ। वर्षामय मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं और यात्रियों का उत्साह देखते ही बना। सभी यात्री निर्धारित समय से पूर्व एकत्र हुए और अनुशासन, समर्पण तथा समयपालन का परिचय देते हुए यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व अयोध्या धाम के नया घाट स्थित माता सरयू के पावन तट पर पूज्य महंत जनार्दन दास, महंत दिलीप दास सहित अन्य संतों एवं गणमान्यजनों की उपस्थिति में विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। इसके बाद रामायण सर्किट के चेयरमैन डॉ. रामावतार शर्मा तथा संतों ने ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया। प्रातः 8रू45 बजे लता चौक से रामधुन, जय श्रीराम के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच यात्रा अपने प्रथम चरण की ओर बढ़ी।
यात्रा का पहला पड़ाव महाराज दशरथ की समाधि रहा, जहां प्रातः 9.15 बजे पहुंचकर यात्रियों ने लगभग 45 मिनट तक श्रद्धापूर्वक दर्शन एवं वंदन किया। इस दौरान महाराज दशरथ के त्याग, आदर्श राजधर्म और धर्मपालन का स्मरण किया गया। परिसर स्थित शनिदेव मंदिर में भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर महंत संदीप दास द्वारा यात्रियों के लिए उत्कृष्ट आतिथ्य एवं व्यवस्थाएं की गईं, जिसके लिए लोक दायित्व परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
यात्रा के संयोजक पवन कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय यह यात्रा अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और बलिया होते हुए 1 जुलाई को बिहार के सिद्धाश्रम (बक्सर) में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य भगवान श्रीराम के पदचिह्नों से जुड़े स्थलों का संरक्षण, सरयू एवं तमसा नदियों की स्वच्छता और अविरलता के प्रति जनजागरण, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण तथा नदी तटों पर वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।
उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि श्रीराम की सांस्कृतिक विरासत, ऋषि परंपरा, मूल सरयू और प्रकृति संरक्षण के प्रति जनसहभागिता का अभियान है। यात्रा में लोक दायित्व संस्था के पदाधिकारी डॉ. पवन कुमार , अलंकार सिंह, सुरेंद्र सिंह, दीनानाथ सिंह, अरविंद सिंह, बबलू विश्वकर्मा, धीरज सिंह, दुर्गेश कौशिक, रामकुमार सिंह, राणा शिवसंत सिंह, मोनू सिंह, शशांक सिंह, उत्कर्ष, सीताराम प्रजापति, अनिल वर्मा, शरद चंद्र अग्रहरि, योगराज पटेल एवं श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।