अयोध्या। जनपद के अलग अलग राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक मृतक भाजपा कार्यकर्ता की तो सुबह पहचान हो पाई। जिला अस्पताल प्रशासन के मेमो पर नगर कोतवाली पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
रविवार की मध्य रात्रि के बाद लगभग साढ़े 12 बजे 108 एंबुलेंस के ईएमटी राजा बाबू ने एक अधेड़ को गंभीर घायल हाल में जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल लाए जाने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर वीरेंद्र वर्मा ने परीक्षण के बाद अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। ईएमटी का कहना है कि उनको सूचना दी गई थी कि नगर कोतवाली क्षेत्र में डा राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के पार प्रयागराज हाईवे पर एक दुर्घटना हुई है। जिसमें एक शख्स गंभीर रूप से घायल हुआ है। बाइक सवार इस शख्स को किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। परिवारजनों का कहना है मृतक रौनाही थाना क्षेत्र करेरू गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान का पुत्र वर्षीय राकेश जायसवाल था। अवध विश्वविद्यालय के पास किसी वाहन ने उसकी बाईक में टक्कर मार दी। काफी देर तक वह सड़क किनारे पड़ा रहा और अंत्यधिक रक्तस्रव के कारण उसकी मौत हो गई।
वहीं रायबरेली हाईवे पर इनायतनगर थाना क्षेत्र के बारुन बाजार स्थित एक कपड़ा प्रतिष्ठान के पास उधर से गुजर रही एक ट्रेलर ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक अपनी बाइक समेत सड़क पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जानकारी पर एंबुलेंस की मदद से रविवार की रात उसको जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से मिले मोबाइल और बाइक के पंजीकरण प्रमाण पत्र के आधार पर मृतक की पहचान पूराकलन्दर थाना क्षेत्र के रानीबाजार मुकुलपुर निवासी 25 वर्षीय निखिल यादव उर्फ गोलू पुत्र दयाराम यादव के रूप में हुई है।
जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया था। पोस्टमार्टम और अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भेजा गया। जिसपर पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम कराया है।
एचटी लाइन की चपेट में आया मजदूर, मौत
अयोध्या। जनपद के खंडासा क्षेत्र में हाई टेंशन लाइन के तार के चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
बताया गया कि थाना क्षेत्र के ही डूडी गांव का रहने वाला अशोक कुमार (35 वर्ष) पुत्र रामखेलावन मजदूरी के लिए ओरवा गांव गया था। काम के दौरान वह मकान के बगल से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हादसा एचटी लाइन के तार के ढीले होकर लटकने के कारण हुआ। उच्च क्षमता के करेंट की चपेट में आने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अशोक कुमार मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। अपने पीछे वह पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। इलाकाई पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा जांच पड़ताल कराई जा रही है।