सर्राफा व्यवसायी से लूट का खुलासा, 32 लाख के सोने के साथ दो गिरफ्तार

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-306 ग्राम लूटा गया सोना और 26500 रुपये नकदी बरामद, वारदात में प्रयुक्त थार गाड़ी भी बरामद; एक आरोपी की तलाश

अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के मकबरा इलाके में सर्राफा व्यवसायी से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया लगभग 32 लाख रुपए कीमत का 306 ग्राम सोना, 26,500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन और महिंद्रा थार गाड़ी बरामद की है।

रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि 30 अक्टूबर 2026 को अमृतसर (पंजाब) निवासी पीड़ित सुखविंदर सिंह की तहरीर पर कोतवाली नगर में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा और के एसओजी व सर्विलांस सेल प्रभारी अमरेश त्रिपाठी की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गैस गोदाम बैरियर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिव्यांश उर्फ रौनक गुप्ता (23) निवासी कौशलपुरी कॉलोनी फेज-एक, कोतवाली नगर अयोध्या तथा अभिषेक सिंह उर्फ तन्नू (21) निवासी मानिकपुर, थाना कूरेभार, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। दिव्यांश उर्फ रौनक गुप्ता सराफा दुकानदार का बेटा है और अभिषेक दुकान का सेल्समैन।

एसएसपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 306 ग्राम सोना, 26,500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, 170 रुपये अतिरिक्त नकद और महिंद्रा थार वाहन संख्या यूपी 42 सीई 9551 बरामद किया गया है। इस मामले में अभी पुलिस को पहाड़गंज, कोतवाली नगर निवासी सजल तिवारी की तलाश है। उन्होंने बताया कि दर्ज लूट के मुकदमें में बरामदगी से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए गिरफ्तार दोनों आरोपियों को चालान किया जा रहा है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya