अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में हुई एक चोरी का खुलासा किया है। चोरी के आरोप में गैर जनपद निवासी मां-बेटा को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चुराया गया लगभग 18 लाख रूपये का जेवरात बरामद किया है।
रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा की पुलिस टीम ने मर्चरी हाऊस के पास से 19 वर्षीय प्रभात दुआ निवासी वीरसावरकर कालोनी थाना इज्जतनगर जनपद बरेली और इसकी मां 42 वर्षीय मीना दुआ निवासी वीरसावरकर कालोनी थाना इज्जतनगर जनपद बरेली को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से सोने का एक गले का हार, सात जोड़ा कान के टप्स, दो जोड़ा छोटी बड़ी कान की बाली, चार पीस कंगन, दो पीस गले की चैन और चांदी के 30 सिक्के व एक नाक की कील बरामद किया है। पूछताछ में इन्होंने महाजनी टोला में चोरी की वारदात कबूल की है। प्रकरण में 21.09.26 को महाजनीटोला निवासी पीड़ित सौरभ अरोड़ा ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दर्ज मुकदमें में पुलिस ने बरामदगी की धारा बढ़ा दोनों आरोपियों का चालान किया है।