– हिस्ट्रीशीटर मन्नान के पैर में लगी गोली; सिपाही भी घायल
अयोध्या। जिले के मवई थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से गौ तस्करी के आरोपी मन्नान घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। वहीं मुठभेड़ के दौरान पुलिस का जवान अर्पित यादव भी घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस और गौ तस्करों के बीच यह मुठभेड़ मवई थाना क्षेत्र के नेवरा गांव के पास हुई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गौ तस्करी के आरोपी मन्नान के पैर में गोली लग गई। मन्नान इसी थाना क्षेत्र के नेवरा गांव का निवासी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग मामलों में कुल 24 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस का जवान अर्पित यादव भी घायल हो गया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर एक अन्य गौ तस्कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।