-समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश
अयोध्या। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद फैजाबाद अवधेश प्रसाद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें सांसद अंबेडकर नगर लालजी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक रुदौली रामचंद्र यादव, विधायक मिल्कीपुर चंद्रभानु पासवान, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास कृष्ण कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सांसद ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पेयजल, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, विकसित भारत जी राम जी, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्धियों से समिति को अवगत कराया। सांसद ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं एवं सुझावों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
दिशा की बैठक के पश्चात विद्युत विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनपद की विद्युत व्यवस्था, उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति, विद्युत अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न विकासात्मक एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद में निर्धारित रोस्टर शहरी फीडर 24. घण्टे, नगर पंचायत एवं तहसील फीडर 21.30 घण्टे एवं ग्रामीण फीडरों पर 18 घण्टे के अनुसार निर्वाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार का अनावश्यक विद्युत व्यवधान न होने पाए। साथ ही विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने, दुर्घटना होने की स्थिति में अनुमन्य मुआवजा समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने, विद्युत उपकेंद्रों, फीडरों एवं लाइनों का नियमित अनुरक्षण करने, खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने, लंबित शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक के अंत में सांसद ने जिला प्रशासन के कार्यों की प्रशंसा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र उपभोक्ताओं तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुँचाया जाए।