-नाविक व गोताखोरों ने नाव में ही सरयू नदी में पार्टी का किया था आयोजन
अयोध्या। कैंट थाना क्षेत्र में सरयू नदी में नाव में मीट दारू पार्टी का मामला सामने आया है। इससे संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद आस्था पर सवाल उठा। मामले में सक्रिय पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि थाना क्षेत्र के गुप्तार घाट पर नाव चलाने वाले नाविक और गोताखोरों ने नाव में ही सरयू नदी में पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी में गोश्त का सेवन किया गया और बेर तथा शराब पी गई। किसी ने इससे संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया तो यह वीडियो कई लोगों तक सर्कुलेट हो गया। मामला चर्चा में आने के बाद आस्था और श्रद्धा को लेकर सवाल उठे तो इलाकाई पुलिस सक्रिय हुई और पुलिस ने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।कैंट थाना पुलिस का कहना है कि मामले में 23 वर्षीय राजकुमार निषाद पुत्र पुरुषोत्तम निवासी गुप्तारघाट, 25 वर्षीय लवकुश निषाद पुत्र राजकुमार निवासी गुप्तारघाट, 28 वर्षीय पवन निषाद पुत्र स्वर्गीय पंचम निवासी जमथरा और 32 वर्षीय जितेंद्र निषाद पुत्र राम जन्म निवासी गुप्तारघाट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है और अग्रिम विधि कार्रवाई की जा रही है।