संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, सभी तहसीलों में प्राप्त कुल 542 शिकायतों में से 71 का मौके पर निस्तारण
अयोध्या। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस तहसील रूदौली में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक रूदौली श्री रामचन्द्र यादव, उपजिलाधिकारी रूदौली, पुलिस क्षेत्राधिकारी रूदौली सहित जनपद एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
शिकायतकर्ता अमरेन्द्र नाथ मिश्र ने चकमार्ग से अवैध कब्जा न हटाने एवं गलत रिपोर्ट लगाए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में जांच टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों की जिम्मेदारी तय कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।शिकायतकर्ता विनोद कुमार ने चकमार्ग की भूमि की पैमाइश कराकर उसे कब्जा मुक्त कराने का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रूदौली को तत्काल कार्रवाई करते हुए चकमार्ग को कब्जा मुक्त कराने तथा उत्तरदायित्व निर्धारित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में शहबाज बानो ने जल निगम द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन में लीकेज की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) को तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विद्युत आपूर्ति, चकमार्ग, नाली, सड़क, यूरिया की उपलब्धता, पुलिया निर्माण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में समय से उपस्थित न होने पर उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता श्री रोहित चौरसिया का जुलाई माह का वेतन रोकने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।
तहसील रूदौली में कुल 146 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान किया जाए तथा निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसका फीडबैक भी अवश्य लिया जाए।
जनपद की अन्य तहसीलों में भी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील बीकापुर में 140 शिकायतों में 21, तहसील सदर में 59 शिकायतों में 12, तहसील सोहावल में 74 शिकायतों में 5 तथा तहसील मिल्कीपुर में 123 शिकायतों में 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, ताकि आमजन को समयबद्ध न्याय एवं राहत उपलब्ध हो सके।