सोहावल-। लगभग 2 महीने पहले बनाया गया पीपे का पुल नदी में पानी बढ़ने के साथ बह जाने के डर से तोड़ दिया गया। अब प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना-जाना राम भरोसे रह गया है। ढेमवा घाट सरयू पुल पार 3 वर्ष पहले बनाई गई पक्की सड़क पानी में कट कर बह जाने के कारण नवाबगंज गोंडा और सोहावल के बीच आवागमन बंद हो गया था। लगातार 2 वर्षों तक नाव के सहारे जान जोखिम में डालकर बरसात के महीने में सैकड़ो वाहनों और लोगों का आना-जाना बना रहा।
आने जाने वालों की पीड़ा और दुख दर्द को देखते हुए गोंडा प्रशासन की पहल पर दो माह पहले आने और जाने के लिए अलग-अलग दो पीपे का पुल बनाया गया। यात्रियों ने राहत भरी सांस ली। लेकिन जिसके आसार पहले दिन से ही नजर आए थे। वहीं अब सामने दिखाई पड़ रहा है।
शुक्रवार को लोग निर्माण विभाग के कर्मचारी इस पीपा के पुल को खोलते दिखाई पड़े और एक तरफ का पुल लगभग समाप्त हो गया।जल्द ही दूसरा पुल भी खुल जाने की पूरी संभावना है। पुल को खुलता देख यात्रियों में बेचौनी नजर आयी।गोंडा और अयोध्या दोनों जनपदों के जन प्रतिनिधियों को कोसते दिखाई पड़े।