– क्षत्रिय कल्याण परिषद ने सर्व समाज से शामिल होने की किया अपील
अयोध्या। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर 9 मई को भव्य शौर्य स्वाभिमान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद की ओर से शहर के एक होटल में प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी महाराणा प्रताप जयंती उत्साह, शौर्य और स्वाभिमान के साथ मनाई जाएगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 6 मई 2022 को गुप्तार घाट पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया गया था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष युवाओं के नेतृत्व में करणी सेवा, शौर्य स्वाभिमान यात्रा और सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 9 मई को दोपहर तीन बजे शौर्य स्वाभिमान यात्रा जीआईसी मैदान से प्रारंभ होगी। यात्रा रिकाबगंज और नियावां होते हुए गुप्तार घाट पहुंचेगी। यात्रा में सर्व समाज और सर्व जाति के लोगों की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकता, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करना है।
परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, महापौर, सांसद, विधायक, ब्लॉक प्रमुख समेत विभिन्न क्षेत्रों के सम्मानित लोगों को आमंत्रित कर सम्मानित भी किया जाएगा। प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष करणी सेना सनी सिंह, जनसत्ता दल के जिला उपाध्यक्ष जेडी सिंह, शांतनु कृष्ण सिंह, जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, प्रदेश सचिव सूर्यभान सिंह, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, महामंत्री रविंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष समर बहादुर सिंह, महानगर अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, डॉ. राजेश सिंह, अमरदीप सिंह, रिंकू एवं राकेश सिंहसहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।