चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण कार्य में लापरवाही

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-डीएम ने की कार्रवाई, अधिशासी अभियंता सहित 13 इंजीनियरों का रोका वेतन

अयोध्या । चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-3 के 13 अधिकारियों का अगस्त माह का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। साथ ही सभी अधिकारियों को सात दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने हाल ही में मंडलायुक्त राजेश कुमार के साथ चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर निर्माण एवं पौधारोपण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया था।

निरीक्षण के दौरान कार्यों में अपेक्षित गुणवत्ता का अभाव, निर्धारित मानकों का पालन न होना तथा अधिकारियों द्वारा प्रभावी पर्यवेक्षण न किए जाने की स्थिति सामने आई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्रवाई के अंतर्गत अधिशासी अभियंता सत्यपाल सिंह, सहायक अभियंता अखिल वर्मा, विपिन कुशवाहा एवं पूर्ण कुमार रस्तोगी, तथा अवर अभियंता विनोद कुमार, सिद्धार्थ वर्मा, मनोज कुमार श्रीवास्तव, करुणेश कुमार सिंह, प्रवीण कुमार शर्मा, मनोज कुमार, अशोक कुमार यादव, विनोद कुमार विश्वकर्मा एवं स्वतंत्र कुमार बीहड़ का अगस्त माह का वेतन रोक दिया गया है।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि जनहित एवं धार्मिक महत्व की परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें तथा निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता एवं तय मानकों के अनुरूप पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya