-रामनगरी की पेयजल व स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना लक्ष्य
अयोध्या। नगर निगम अयोध्या द्वारा शहर की स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने गांधी आश्रम के सामने आबकारी कार्यालय के बगल नव-निर्मित सुलभ शौचालय का लोकार्पण किया। इस शौचालय का निर्माण लगभग सात लाख रुपये की लागत से कराया गया है।
इसके साथ ही मकबरा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 22 हॉर्स पावर क्षमता के नए पंपसेट का भी लोकार्पण किया गया। इसकी लागत 7.44 लाख रुपये है। इस अवसर पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि रामनगरी में स्वच्छता और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम निरंतर विकास कार्य करा रहा है। सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण से स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा, वहीं नए पंपसेट की स्थापना से संबंधित क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और अधिक सुचारु एवं प्रभावी होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम द्वारा संचालित सभी जनसुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
लोकार्पण कार्यक्रम में महाप्रबंधक जलकर सौरभ कुमार, पार्षद सूर्यकुमार तिवारी श्सूर्याश्, निखिल श्रीवास्तव, विकास कुमार, भाजपा नेता आलोक द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, महेश सोनकर, आनंद जायसवाल, कृष्णानंद पांडेय, रामानंद पांडेय, सत्यम गुप्ता, रामकरन कोरी, आकाश जायसवाल, अमित गुप्त, संतोष कुमार, जोनल अधिकारी विनय प्रकाश सिंह, सहायक अभियंता भरत कुमार वर्मा, अवर अभियंता अरुण सिंह तथा अनु जायसवाल सहित नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।