-सत्य, अहिंसा, सादगी और जनसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का किया आह्वान

अयोध्या।जनपद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर मंडलायुक्त राजेश कुमार ने आयुक्त कार्यालय तथा जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रध्वज फहराया। इसके उपरांत दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस अवसर पर मंडलायुक्त राजेश कुमार ने जनपदवासियों को गांधी जी एवं शास्त्री जी की जयंती की बधाई देते हुए कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाना ही दोनों महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी के जीवन के मूल मंत्र सत्य एवं अहिंसा थे। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए न केवल देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि पूरी दुनिया को सत्य एवं अहिंसा का संदेश दिया। हिंसा किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। सत्य और अहिंसा के मार्ग को अपनाकर व्यक्ति, समाज और राष्ट्र प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकता है।
मंडलायुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी जी का स्वदेशी आंदोलन आज आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के रूप में दिखाई देता है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का आह्वान देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। उनका सादगीपूर्ण जीवन, सरलता एवं सज्जनता आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
अपर आयुक्त न्यायिक रितु पुनिया ने कहा कि आज दो महान विभूतियों की जयंती है, जिनके आदर्श एवं सिद्धांत वर्तमान समय में भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन से हमें अर्पण, तर्पण और समर्पण की प्रेरणा मिलती है तथा यह सीख मिलती है कि सीमित संसाधनों में भी दृढ़ संकल्प एवं समर्पण के साथ व्यक्ति ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। अपर आयुक्त प्रशासन श्री अजय कान्त सैनी ने भी दोनों महापुरुषों के जीवन एवं उनके आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी सहित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी कानून व्यवस्था, सिटी मजिस्ट्रेट तथा अन्य अधिकारियों एवं कलेक्ट्रेट कार्मिकों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन चरित्र, आदर्शों, विचारों तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपिता ने जिन आदर्शों को अपनाया उस पर आज भी देश चल रहा है। ग्राम स्वराज की उनकी सोच आज ग्रामीण विकास का प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने देश को आत्मनिर्भर बनाया। सभी को उनके जीवन से प्रेरणा देनी चाहिए। कृषि क्षेत्र में उनका योगदान आज भी प्रासंगिक है।
कार्यक्रम के दौरान सुश्री रमा वर्मा, बांसुरी वादक एवं गायिका तथा संगीत नाटक अकादमी उत्तर प्रदेश, लखनऊ की अवार्डी, सुश्री अंशिका सिंह, हारमोनियम वादक एवं गायिका तथा श्री अनुभव शर्मा, तबला वादक द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम की उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने सराहना की। इस अवसर पर ओएसडी राम अचल, कौशल श्रीवास्तव सहित कलेक्ट्रेट कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
अयोध्या। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के शुभ अवसर पर जिला गंगा समिति द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति नमामि गंगे। अयोध्या द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पवित्र जल कलश अर्पण के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बच्चों ने मनमोहक नृत्य, विचारोत्तेजक नुक्कड़ नाटक और ओजस्वी भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण और नदियों के संरक्षण का संदेश दिया।भाषण प्रतियोगिता के दौरान छात्रा लक्ष्मी और साजिया ने अपने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से लोगों को नदियों को स्वच्छ रखने तथा अपने आसपास के परिवेश को साफ-सुथरा बनाने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से सेफ्टी इंजीनियर अमित कुमार मिश्रा और क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश कुमार, ब्लॉक सोहावल, कुसुमलता प्रधानाचार्या राजकीय बालिका इंटर कालेज अयोध्या, जिला गंगा समिति के सदस्य एवं पूर्व पार्षद (देवकाली) मनोज कुमार श्रीवास्तव, भारतीय वन्यजीव संस्थान (जलज परियोजना) के असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर नीरज कुमार, गंगा प्रहरी विशाल कुमार, उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना अधिकारी ने स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि हमें स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करना चाहिए क्योंकि वे हमारे आसपास की जगह और पूरे देश को साफ रखते हैं। उन्होंने कहा कि हमें भी स्वच्छता कर्मियों की मदद करनी चाहिए तथा सूखे और गीले कूड़े को हमेशा अलग-अलग रखना चाहिए नदियों को साफ रखना चाहिए । कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों में अमित कुमार मिश्रा सेफ्टी इंजीनियर जल निगम ग्रामीण ने ‘नमामि गंगे’ योजना व नदियों की स्वच्छता के बारे में जानकारी दी, तथा कुलभूषण साहू अध्यक्ष दानापानी सेवा संस्थान’ ने भी स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी मंच संचालन अनीता कनौजिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुमलता, उप प्रधानाचार्या पुष्पलता सिंह, श्रीमती प्रकृति वर्मा, डॉ. अन्नपूर्णा सिंह, शारदा यादव, प्रीति जायसवाल, चेतना यादव, प्रीति मेहरोत्रा, संध्या मेहरोत्रा, मनीषा गौड़, रागिनी राजपाल, नीतू सिंह, प्रेमा आज़ाद, ईवा सिंह, कल्पना वर्मा, रंजना सैनी, संजू सिंह, नेहा गुप्ता, प्रज्ञा सिंह, प्रियंका सिंह एवं कनक सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन सत्र में उपस्थित अतिथियों, शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं को नदियों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। अंत में जिला परियोजना अधिकारी द्वारा गंगा प्रहरी ज्ञानमती निषाद, रमेश कुमार, कुलभूषण साहू को उनके उत्कृष्ट कार्य और सहयोग के लिये प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया एवं प्रधानाचार्या और अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।