अयोध्या। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में कुल दो लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक की पहचान नहीं हो पाई है,जबकि एक वृद्ध ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वही एक घायल को अस्पताल प्रशासन ने इलाज के लिए भर्ती किया है।
जिला अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सड़क हादसे में घायल गोरखपुर जनपद के राखधानी क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय विन्ध्य कुमार पुत्र हरीलाल तथा एक 40 वर्षीय अज्ञात युवक को अलग-अलग एंबुलेंस के ईएमटी की ओर से जिला अस्पताल लाया गया। इमरजेंसी ड्यूटी पर ताज चिकित्सक ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए शव को मोर्चरी में रखवा मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया है।
वहीं तीन अक्टूबर को सहयोगी गौरव जयसवाल की ओर से जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए नगर कोतवाली क्षेत्र के हैदरगंज निवासी बुजुर्ग 64 वर्षीय ज्ञानचंद पुत्र स्वर्गीय बिंद्रा प्रसाद की इलाज के दौरान दूसरी पहर मौत हो गई। शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया गया है। जबकि सड़क हादसे में घायल महिला पुराकलंदर थाना क्षेत्र के टोनिया बिहारीपुर निवासी 35 वर्षीय स्पा गुप्ता पत्नी सचिन गुप्ता को परीक्षण के बाद चिकित्सक ने इलाज के लिए भर्ती किया है। महिला को उसका पति सचिन लेकर जिला अस्पताल आया था।
इलाज के दौरान युवक की मौत
अयोध्या। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के एक युवक की मौत हो गई। उसको जहरीले पदार्थ के सेवन की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला अस्पताल प्रशासन में पोस्टमार्टम और अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया है।
जिला अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पूराकलंदर थाना क्षेत्र के गंजा गांव निवासी युवक 31 वर्षीय अमरनाथ पुत्र स्वर्गीय विपत को उसकी मां हंसराजी गंभीर हाल में लेकर जिला अस्पताल आई थी। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने युवक की हालत गंभीर देख उसको इलाज के लिए भर्ती किया था। इलाज के दौरान अगले दिन युवक की मौत हो गई।
मारपीट के दो मामलों में रिपोर्ट दर्ज, चार का हुआ मेडिकल
अयोध्या। जनपद के शहर सर्कल की पुलिस ने मारपीट के दो मामलों में शिकायत पर मुकदमा पंजीकृत किया है। कुल चार लोगों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है और संबंधित मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकार नगर श्री यश त्रिपाठी ने बताया कि नगर कोतवाली के मौदहा स्थित जेबीपुरम कॉलोनी में हुई मारपीट में वृद्धा 78 वर्षीय भानु कुमारी सिंह पत्नी स्वर्गीय गंगा प्रसाद तथा इसके बेटे 40 वर्षीय अवधेश सिंह को चोट आई है।
प्रकरण में शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने मारपीट गाली गलौज धमकी और हमला कर गंभीर रूप से घायल करने की धारा में रिपोर्ट पंजीकृत है। माँ बेटे का मेडिकल परीक्षण कराया है। वहीं कोतवाली क्षेत्र के ही एक अन्य मामले में घायल मूल रूप से खीरी जनपद निवासी तथा रामनगर मोहल्ले में रहने वाले 29 वर्षीय सत्यम कुमार पुत्र चंद्रमा प्रसाद की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट गाली गलौज और धमकी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है तथा पीड़ित का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। जबकि कैंट थाना क्षेत्र में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने 26 वर्षीय हिमांशु सिंह पुत्र राम शंकर निवासी ककरही बाजार चुना भट्टी का मेडिकल परीक्षण कराया है। हिमांशु को दाहिने हाथ दाहिने पैर और दोनों कंधे में चोट आई थी। पुलिस की ओर से मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
पांच का शांति भंग में चालान
अयोध्या। जनपद के शहर सर्कल पुलिस ने विवाद के अलग-अलग मामलों में कुल पांच लोगों का शांति भंग में चालान किया है। सीओ सिटी श्रेया त्रिपाठी ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र में आपसी विबाद को लेकर रिकाबगंज स्थित बाबा भोजनालय में काम करने वाले बिहार प्रांत के सीतामढ़ी जनपद निवासी 26 वर्षीय बिट्टू कुमार रावत पुत्र स्वर्गीय आनंद रावत तथा नारायण होटल सिविल लाइन पर काम करने वाले इसी क्षेत्र के निवासी 22 वर्षीय सोनू कुमार रावत पुत्र मटर रावत के बीच मारपीट हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस में दोनों को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। वही कैंट थाना क्षेत्र में हुए विवाद में शामिल रेतिया निवासी 24 वर्षीय राजकमल निषाद पुत्र बृजलाल तथा रेतिया बंदे अली की छावनी निवासी 35 वर्षीय संजय यादव पुत्र ठाकुर प्रसाद का पुलिस ने जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। जबकि नगर कोतवाली क्षेत्र में हुए एक विवाद में शामिल वजीरगंज हाता खुसरूबेग निवासी 34 वर्षीय मोहम्मद शिबू पुत्र लियाकत हुसैन का पुलिस ने जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। उन्होंने बताया कि सभी के खिलाफ पुलिस में पाबंदी की कार्रवाई करते हुए इनका शांति भंग में चालान किया है।