आस्था और उत्साह के माहौल में मनाया गया दशहरा पर्व

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

– श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में हुए विशेष धार्मिक अनुष्ठान


अयोध्या। विजयादशमी पर रामनगरी में आस्था और उत्साह का माहौल रहा। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंगलवार को शाम पांच बजे तक करीब एक लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके थे। पर्व के मद्देनजर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।

विजयादशमी के अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा एवं भक्तिभाव से सम्पन्न हुए। प्रभु श्रीरामलला सरकार का पंचामृत से महाभिषेक हुआ, तत्पश्चात विधिवत शस्त्र पूजन कर, प्रभु को विशेष छप्पन भोग अर्पण किया गया। माँ दुर्गा के शस्त्रों की भी आराधना हुई। इस अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की ओर से कन्या पूजन भी किया गया। मंदिर की यज्ञशाला में 18 कन्याओं के चरण पखारकर उनका पूजन किया गया तथा उन्हें भोजन, उपहार एवं दक्षिणा भेंट की गई। न्यासी स्वामी दिनेंद्र दास जी मुख्य यजमान रहे। इन आयोजनों के साथ शारदीय नवरात्रि के पावन अनुष्ठानों का समापन हुआ।

वहीं विजयदशमी के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने राम पथ पर भव्य पथ संचलन निकाला। अनुशासन, संगठन और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस संचलन ने रामनगरी के वातावरण को उत्साहमय बना दिया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकले इस पथ संचलन में करीब 300 स्वयंसेवक शामिल हुए। संचलन तुलसी उद्यान से प्रारंभ होकर हनुमानगढ़ी तक पहुंचा। इस अवसर पर सीताकांत सदन के महंत रामानुज शरण तथा श्रीराम आश्रम के महंत जयरामदास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े  निर्माणाधीन 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के पुल निर्माण के दौरान हादसा, मजदूर की मौत

 

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya