– एक दिन की थाना प्रभारी ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और जीआरपी की कार्यप्रणाली और अभिलेखों का निरीक्षण किया
अयोध्या। मिशन शक्ति अभियान के छठवें चरण में राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्रा को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। इस दौरान एक दिन की थाना प्रभारी ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और जीआरपी की कार्यप्रणाली और अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिया।
महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से जनपद में राजकीय बालिका इण्टर कालेज के इंटर फाइनल की छात्रा रागनी निषाद पुत्री प्रदीप कुमार निवासी काली नगर सहादत्तगंज को एक दिन के लिये जीआरपी थाने का थाना प्रभारी बनाया गया।
एक दिन की थाना प्रभारी को प्रभारी थाना ने बुके देकर स्वागत किया गया और छात्रा ने रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाना,आरपीएफ थाना आदि स्थानों का भ्रमण किया तथा जीआरपी थाने के कार्यालय अभिलेखों का अवलोकन एवम् सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्यवाही की जानकारी ली।
साथ ही वर्तमान में महिलाओ की सुरक्षा, सम्मान,स्वालम्बन के लिए शासन की ओर से चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं मिशन शाक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेक्स, महिला हेल्पडेक्स, महिला सम्बंधी अपराधों, अपराधिक नियंत्रण, साइबर अपराध मानव तस्करी, आदि के बारे विस्तृत जानकारी ली। इतना ही नहीं एक दिन की थाना प्रभारी ने थाने पहुंची पीड़ित महिलाओं की समस्या को सुना और उनके निस्तारण के लिए मातहतो को आवश्यक निर्देश दिया।
वहीं मिशन शक्ति अभियान के तहत आने जाने वाली ट्रेनों में चलाये जा रहे नारी सुरक्षा, नारी सम्मान नारी स्वावलम्बन के लिए, महिलाओं एवं बालिकाओं में जागरूकता के लिए महिलाओं एवं बालिकाओं को रेलवे नारी सुरक्षा व साइबर क्राइम सम्बन्धी अपराधों व यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी प्रदान की और महिलाओं के लिए सरकार द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के सम्बन्ध में विस्तार से बताया तथा मिशन शक्ति से सम्बन्धित पम्पलेट कार्ड वितरित करवाया। इस दौरान नवागत थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक मिश्र समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहा।