-मांगपत्रों में दोहरीकरण, नई ट्रेनें, आरओबी-आरयूबी और स्टेशन पुनर्विकास समेत कई रखे प्रस्ताव
अयोध्या। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी रेलवे परियोजनाओं के संबंध में विस्तृत मांगपत्र सौंपे। उन्होंने बढ़ती यात्री संख्या और रामनगरी में लगातार बढ़ रहे धार्मिक पर्यटन को देखते हुए रेलवे अवसंरचना के विस्तार एवं यात्री व स्थानीय निवासियों की सुविधाओं में वृद्धि की आवश्यकता बताते हुए विभिन्न परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
लल्लू सिंह ने अयोध्या कैंट-वाराणसी रेलखंड के सरायरासी क्षेत्र में रोड ओवर ब्रिज अथवा रोड अंडर ब्रिज के निर्माण की भी मांग की। उनका कहना है कि रेलवे मार्ग बंद होने से किसानों एवं आसपास के ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
उन्होंने अयोध्या कैंट-वाराणसी रेलखंड पर बिल्हरघाट-अलनाभारी मध्य दुर्गापुर रमपुरवा गांव के समीप तथा अलनाभारी -बिल्हरघाट स्टेशन के बीच 940/1 से 940/4 के मध्य, दो स्थानों पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण की मांग की। इसके अलावा अयोध्या कैंट-प्रयागराज रेलखंड पर नैपुरा तथा 18 सी मोहम्मदपुर- 16 सी भगौतीनगर के मध्य मरूईसहाय सिंह के निकट क्षेत्र में भी दो स्थानों पर आरयूबी निर्माण कराने का आग्रह किया।
पूर्व सांसद ने रेल मंत्री को सौंपे पत्रों में अयोध्या कैंट-प्रयागराज तथा अयोध्या धाम-मनकापुर रेलखंड के दोहरीकरण की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान में दोनों रेलखंड सिंगल लाइन होने के कारण ट्रेनों के संचालन में कठिनाई होती है। उन्होंने दोनों रेलखंडों को डबल लाइन किए जाने का अनुरोध किया।
पूर्व सांसद ने अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए तैयार डीपीआर को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर कार्य शुरू कराने का अनुरोध भी किया। साथ ही अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के द्वितीय चरण के निर्माण कार्य में भूमि संबंधी बाधाओं को दूर कर कार्य प्रारंभ कराने की मांग उठाई।
विभिन्न रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की मांग
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने अयोध्या क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या को देखते हुए कई स्थानों पर रेल उपरिगामी पुल (आरओबी) निर्माण का प्रस्ताव रेल मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने अयोध्या–वाराणसी रेलखंड की रेलवे क्रॉसिंग संख्या-100 तथा अयोध्या कैंट–लखनऊ रेलखंड की रेलवे क्रॉसिंग संख्या-122, 130, 138 और 162 पर आरओबी निर्माण कराने की मांग की।
रेल मार्ग का तिहरीकरण व 130 किमी प्रति घंटे की गति की मांग
लल्लू सिंह ने बाराबंकी-अयोध्या-वाराणसी रेलखंड के तिहरीकरण (तीसरी रेल लाइन) और लखनऊ-अयोध्या-वाराणसी रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा किए जाने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। उनका कहना है कि इससे ट्रेनों की संचालन क्षमता बढ़ेगी, यात्रा समय कम होगा और अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।
देश के प्रमुख तीर्थों के लिए नई ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने रेल मंत्री से अयोध्या कैंट से जयनगर, नई दिल्ली, माता वैष्णो देवी (कटरा), उज्जैन/इंदौर, द्वारका, जगन्नाथपुरी, हरिद्वार और गुवाहाटी तक नई सुपरफास्ट ट्रेनों का संचालन शुरू करने का अनुरोध किया। इसके अलावा अयोध्या धाम से चित्रकूट तक नई ट्रेन चलाने की भी मांग की। उनका कहना है कि रामनगरी में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए इन रेल सेवाओं की आवश्यकता है।
लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे नेटवर्क का विस्तार और नई परियोजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन आवश्यक है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के लाखों लोगों के आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।