-बाइक सवार और अर्टिगा चालक की गई जान
अयोध्या । रुदौली कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बृहस्पतिवार देर रात करीब 1:30 बजे डीसीएम की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रही दो अर्टिगा कारों और एक बाइक को पीछे से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी।
घटना अवधेश सिंह के ढाबे के पास की बताई जा रही है सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बाइक सवार शिवओम सिंह (45) निवासी हाजीपुर, थाना रौनाही और अर्टिगा चालक इम्तियाज अली (28) निवासी बस्ती को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक सवार संजीव सिंह (36) निवासी बनकोट, थाना सुबेहा, बाराबंकी की गंभीर हालत देखते हुए दर्शननगर मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया गया। दूसरी अर्टिगा के चालक चंदन (21) निवासी भेड़वा, थाना कलवारी, बस्ती को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देकर उनकी मौजूदगी में पंचायतनामा भरवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर क्राइम इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान और चौकी प्रभारी भेलसर युवराज सिंह ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर जांच की।