-खंडासा थाना क्षेत्र के कलंदरपुर गांव के पास निर्माणाधीन पुल पर काम करते समय सिर में लगी गंभीर चोट; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, परिजनों को दी गई सूचना
मिल्कीपुर। निर्माणाधीन 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर पुल निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खंडासा थाना क्षेत्र के कलंदरपुर गांव के पास पुल पर काम करते समय मध्य प्रदेश के 35 वर्षीय मजदूर बृज किशोर के सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। साथी मजदूर उन्हें आनन-फानन में कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य के तहत कलंदरपुर गांव के पास पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण कार्य का ठेका कालूवालिया कंपनी को मिला है। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत छूदा गांव निवासी बृज किशोर इसी कंपनी के लिए मजदूरी कर रहे थे। बताया गया कि वह करीब छह दिन पहले ही काम करने के लिए अन्य मजदूरों के साथ यहां आए थे।
रविवार दोपहर बाद बृज किशोर पुल निर्माण से संबंधित कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनके सिर में लोहे की रॉड से गंभीर चोट लग गई। चोट लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़े। घटना होते ही वहां काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। साथी मजदूरों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
छह दिन पहले ही काम करने आए थे बृज किशोर
मजदूरों के ठेकेदार सिद्धू पुत्र राधेश्याम, निवासी मध्य प्रदेश, ने बताया कि बृज किशोर करीब छह दिन पहले ही उनके साथ काम करने के लिए आए थे। निर्माण कार्य के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद साथी मजदूर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ठेकेदार के अनुसार, मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दी सूचना
मजदूर की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने पर खंडासा थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।
कंपनी के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलते ही निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी के डीपीएम दिनेश कौशिक, मैनेजर और इंजीनियर मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।