-एक माह पहले इसी मार्ग पर हादसे में युवती की हुई थी मौत
मिल्कीपुर। खंडासा थाना क्षेत्र के मोहली चौराहे के पास सोमवार दोपहर 84 कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण के लिए मिट्टी लेकर जा रहे एक डंपर ने सड़क किनारे बैठी गाय को कुचल दिया। हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाय सड़क किनारे बैठी थी। इसी दौरान मिट्टी लेकर जा रहे डंपर संख्या एचआर 46 जी 9630 ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेते हुए चालक सहित थाने पहुंचाया। खंडासा चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय ने बताया कि डंपर और चालक दोनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक माह पहले इसी मार्ग पर एक युवती को भी डंपर ने कुचल दिया था। गंभीर रूप से घायल युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इसके बावजूद मार्ग पर डंपरों के लापरवाहीपूर्वक संचालन पर रोक नहीं लग पा रही है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के लिए मिट्टी ढोने वाले डंपरों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन कराया जाना जरूरी है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।