चकबंदी कार्यों की डीएम ने की समीक्षा,पुराने वादों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-10 वर्ष से अधिक एवं 5 वर्ष से अधिक लंबित वादों का प्रतिदिन सुनवाई के निर्देश

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में चकबंदी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे चकबंदी कार्यों तथा लंबित वादों के निस्तारण की प्रगति की तहसीलवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 10 वर्ष से अधिक एवं 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित चकबंदी वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि पांच वर्ष से अधिक पुराने वादों को प्रतिदिन की सुनवाई में प्राथमिकता से लिया जाए, संबंधित पक्षकारों को अंतिम अवसर प्रदान करते हुए नियमानुसार शीघ्र सुनवाई पूरी कर वादों का निस्तारण कराया जाए। छह माह के भीतर लंबित वादों का निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चकबंदी कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जिला चकबंदी अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद की सभी तहसीलों में चल रहे चकबंदी कार्यों का समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रगति की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया का मूल उद्देश्य पात्र एवं प्रभावित काश्तकारों को समयबद्ध तरीके से न्याय दिलाना है, इसलिए हर हाल में पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। समीक्षा के दौरान चकबंदी अधिकारी रुदौली, चकबंदी अधिकारी बीकापुर एवं चकबंदी अधिकारी मिल्कीपुर द्वारा पुराने वादों के निस्तारण में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित पुराने वादों के निस्तारण में तेजी लाते हुए शीघ्र कार्रवाई पूर्ण करें और प्रगति से अवगत कराएं। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि रेस्टोरेशन की प्रक्रिया का अनावश्यक एवं बार-बार सहारा न लिया जाए तथा वादों की सुनवाई नियमानुसार करते हुए उनका प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इसे भी पढ़े  डीएम की फटकार के बाद वृद्धा की भूमि की होगी दोबारा पैमाइश, अवैध इंटरलॉकिंग पर रोक के निर्देश

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने दिए सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम के निर्देश

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए पिछले वर्ष एवं वर्तमान वर्ष में हुई सड़क दुर्घटनाओं, उनमें मृतकों एवं घायलों की संख्या तथा दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने एनएच-27 लखनऊ-गोरखपुर मार्ग एवं अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर ओवरहेड बोर्ड एवं संकेतक लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को मार्ग, गति सीमा, दिशा एवं अन्य आवश्यक यातायात संबंधी सूचनाएं स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने सड़कों पर जहां भी मैनहोल खुले हैं अथवा सड़क पर गड्ढे हो गए हैं, उनकी तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बाजार क्षेत्रों में सड़क एवं मार्ग की आवश्यकतानुसार चौड़ाई बढ़ाने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने रामपथ,श्रीराम मंदिर तक संचालित गोल्फकार्ट के संचालन एवं यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गोल्फ कार्ट एजेंसियों एवं चालकों के साथ बैठक कर उन्हें यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए सख्त निर्देश देने को कहा। इसके साथ ही जनौरा अंडरपास के पास आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

बैठक में स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में संचालित सभी स्कूली वाहनों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने वाले वाहनों का तत्काल संचालन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ओमनी वैन एवं ई-रिक्शा से बच्चों को विद्यालय न भेजा जाए। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya