भाइयों के बीच पुराने विवाद में संघर्ष,पिता की मौत

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-शव रख परिजनों ने किया प्रदर्शन,आठ के खिलाफ रिपोर्ट

अयोध्या। जनपद के हैदरगंज थाना क्षेत्र स्थित कुआडाड़ (गोविंदपुर माफी) गांव में दो भाइयों के बीच चल रहे जमीनी विवाद में बुधवार की रात को दो पक्षों में संघर्ष हुआ। हिंसक संघर्ष में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि घायलों को जिला अस्पताल और दर्शननगर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। आक्रोशित परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाने से इंकार कर दिया और चार घंटे प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया है और आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कुछ को हिरासत में लिया है।  मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

बतया गया कि रात लगभग नौ बजे गांव के राजकुमार और राम अनुज के बीच पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई। जो आधे घंटे में ही खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों से उनके परिवार के लोग लाठी डंडा और धारदार हथियार लेकर संघर्ष में शामिल हो गए। राजकुमार अपनी जान बचाने के लिए अपने चचेरे बड़े भाई चैतू राम निषाद के पास पहुंचा, तो चैतू राम ने मामले को शांत कराने और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने उन पर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे 63 वर्षीय बुजुर्ग चैतू राम निषाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मध्य रात्रि बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया तो इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हमले में मृतक के बेटे बालगोविंद उर्फ बालक राम के साथ राजकुमार, खुशीराम और रविंद्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिम्में बाल गोविंद को जिला और अन्य को दर्शननगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

इसे भी पढ़े  एमओयू से कृषि नवाचार व शोध को मिलेगा बढ़ावा

आठ के खिलाफ रिपोर्ट,एसपी देहात ने किया मौका मुआयना

प्रकरण में पुलिस ने मृतक के बेटे बालगोविंद की तहरीर पर राम अनुज, मानिकराम, बाबूराम, हरेंद्र, श्यामलाल, रामू, रामकेश और जगन्नाथ समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए हत्या और मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। गांव में तनाव व्याप्त हो गया, जिसके चलते एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी और क्षेत्राधिकारी बीकापुर ने घटनास्थल का मुआयना किया है।

हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया और करीब साढ़े चार घंटे तक मौके पर हंगामा किया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने समझा बुझा मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मामले में परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि संघर्ष की सूचना पर डायल 112 का पीआरवी दस्ता मौके पर पहुंचा, लेकिन विवाद बढ़ता देख वहां से भाग गई।
एसपी देहात बलवंत चौधरी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कराई जा रही है।

जानलेवा हमला और मारपीट,बलवा का एक आरोपी गिरफ्तार

अयोध्या। पुराने विवाद को लेकर कैंट थाना क्षेत्र के रेतिया स्थित मुरावन टोला में दो परिवारों के बीच हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।मामले में पुलिस ने जानलेवा हमला और मारपीट बलवा की रिपोर्ट दर्ज की थी तथा आठ घायलों का मेडिकल कराया था।
रेतिया के मुरावनटोला में दोनों परिवारों के बीच चले लाठी डंडे चले और धारदार हथियार में कई लोगों को चोट आई थी। घटना में घायल आठ लोगों का पुलिस ने जिला चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराया था और शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की थी।

इसे भी पढ़े  राम मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्था में हुआ बड़ा बदलाव

कैंट पुलिस का कहना है कि एक ही पक्ष के लोगों को ज्यादा चोट आई थी। मामले में पुलिस ने 50 वर्षीय अर्जुन निषाद पुत्र स्वर्गीय भगवती, इनकी मां 62 वर्षीय शांति, बेटे 22 वर्षीय शनि निषाद, 25 वर्षीय राजू निषाद, 23 वर्षीय रतन निषाद, 27 वर्षीय बॉबी निषाद तथा पुत्री 45 वर्षीय मंजू निषाद के साथ 45 वर्षीय मंगल निषाद पुत्र राम धीरज का मेडिकल परीक्षण कराया था। दर्ज मामले में पुलिस ने एक आरोपी मंगल निषाद पुत्र राम धीरज को गिरफ्तार किया है और जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा उसका चालान किया गया है।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya