बूथ अध्यक्ष प्रशिक्षण कार्यक्रम में भोजन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर चले लात घूंसे

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के ऑडिटोरियम मेंआयोजित हुआ था बूथ अध्यक्ष प्रशिक्षण कार्यक्रम, दोपहर में भोजन वितरण के दौरान रोटी को लेकर हुआ विवाद

मिल्कीपुर। विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में भोजन वितरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे चल गए। मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने दोनों पक्षोंको समझा बुझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया गया, किन्तु दोनों पक्षों ने किसी की नहीं मानी और मुकदमा कायम किए जाने हेतु कुमारगंज पुलिस को तहरीर दी है।हालांकि दोनों पक्षों के मान मनौव्वल में क्षेत्रीय विधायक सहित पार्टी पदाधिकारी लगे रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के हैरिंग्टनगंज, अमानीगंज और मिल्कीपुर मंडलों के बूथ अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज के ऑडिटोरियम में बुधवार को आयोजित किया गया था। पार्टी के प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला महामंत्री अशोक कसौधन एवं जिला उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह डिंपल सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। जहां दोपहर में भोजन की व्यवस्था थी।
भोजन के लिए भाजपा बूथ अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता टूट पड़े और रोटी को लेकर कैटर्स एवं भोजन प्रबंधन के जिम्मेदार लोगों को अपशब्द कहे जाने लगे। बस इसी बात को लेकर अमानीगंज मंडल महामंत्री सर्वेश तिवारी और भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर पंचायत कुमारगंज सभासद रवि सिंह के बीच हाथापाई शुरू हो गईं। मौके पर मौजूद पार्टी पदाधिकारियों एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच बचाव किया और मामले को शांत करने का पुरजोर प्रयास किया। लेकिन घटना के बाद आक्रोशित दोनों पक्ष तहरीर लेकर कुमारगंज थाने पहुंच गए।

इसे भी पढ़े  एसएसपी ने छह निरीक्षक समेत पांच उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले

एक पक्ष से सर्वेश तिवारी पुत्र जयकरण तिवारी निवासी ग्राम सहिजन मऊ ने बवां निवासी रवि सिंह पर लात घूसों व थप्पड़ से मारे पीटे जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने तहरीर में उल्लेखित किया है कि उन्हें बचाने के लिए पवन गुप्ता पुत्र स्वर्गीय अनिल गुप्ता निवासी अमानीगंज बाजार पहुंचे तो उनको भी लोगों ने मारा पीटा है।

वहीं दूसरी ओर रवि प्रकाश सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह कृषि विश्वविद्यालय में पार्टी की मीटिंग में मौजूद थे। दोपहर में भोजन का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाहर जाकर सर्वेश तिवारी निवासी अमानीगंज उनका नाम लेकर भद्दी – भद्दी गालियां दे रहे थे। मौके पर मौजूद उनके मौसी के लड़के रोनित सिंह ने यह सब सुन लिया और गाली देने का कारण पूछा। इस पर उन्होंने रोनित सिंह से भी अभद्रता की और उसे जमकर मारा पीटा है। जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे थे।

थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त करके उन्हें थाने से पीली जांच पर्ची दे दिया है। उन्होंने जांच के उपरांत कार्यवाही का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है, जांचोपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya