-हत्या की सूचना पर पहुंची कुमारगंज, बल्दीराय पुलिस
अयोध्या। कुमारगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के नाती ने डायल 112 पर फोन कर बुजुर्ग की हत्या किए जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही कुमारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मामला अयोध्या-सुल्तानपुर जिले की सीमा से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने सुल्तानपुर के बल्दीराय थाने को भी सूचना दी।
मृतक की पहचान राम बहाल मिश्रा पुत्र रामेश्वर प्रसाद मिश्रा, उम्र करीब 80 वर्ष, निवासी मायंग पूरे गयादत्त, थाना धनपतगंज, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब 30 वर्ष पहले उन्होंने अयोध्या और सुल्तानपुर की सीमा पर मकान बनाकर रहना शुरू किया था। वह वहां अकेले रहते थे। बताया गया कि राम बहाल मिश्रा मध्य प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत्त थे, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य पैतृक गांव में रहते हैं।
मंगलवार 11 अगस्त को करीब 11:30 बजे बुजुर्ग का शव पड़े होने की जानकारी उनके नाती उपेंद्र कुमार मिश्रा को हुई। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष कुमारगंज सुरेश कुमार पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में बुजुर्ग के पैर में किसी जानवर द्वारा खाए जाने जैसे निशान मिले हैं। मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। तहरीर मिलने पर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।