वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री शिव जगदम्बा गुरुकुलम का भूमि पूजन संपन्न

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-रिटायर्ड मंडलायुक्त डॉ. सच्चिदानंद पाठक के गांव रौहारी में बनेगा गुरुकुलम का विशाल भवन

अयोध्या। वैदिक मंत्रोच्चार,धार्मिक अनुष्ठानों और विधि-विधान के साथ रविवार को श्री शिव जगदम्बा गुरुकुलम के मुख्य परिसर का भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर वैदिक परंपराओं के अनुरूप विभिन्न सूक्तों का पाठ, चतुर्वेद कल्याणम्, यज्ञ और स्वस्ति वाचन किया गया। गुरुकुलम के विशाल भवन का निर्माण जनपद के बीकापुर तहसील क्षेत्र स्थित रौहारी गांव में कराया जाएगा। यह गांव सेवानिवृत्त मंडलायुक्त डॉ. सच्चिदानंद पाठक (आईएएस) का है। वर्तमान में इसी तहसील के कूरेभार क्षेत्र के पिपरी साइनाथ में श्री शिव जगदंबा गुरुकुल का संचालन हो रहा है।

भूमि पूजन समारोह की शुरुआत सुबह ब्रह्मनादम् से हुई। इसके बाद वैदिक प्रभाती सूक्तम् और पंचदेव अथर्वशीर्षम् का पारायण किया गया। वैदिक परंपरा के अनुसार पितृ सूक्तम् का पाठ भी हुआ। सुबह नौ बजे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। इसके उपरांत चतुर्वेद कल्याणम् का पाठ और श्री यज्ञ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का समापन चतुर्वेद स्वस्ति वाचन एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

साहित्य और पत्रकारिता से धर्म अध्यात्म की राह पर कदम बढ़ाने वाले ऋषि प्रेम योगी की ओर से इसी क्षेत्र स्थित पिपरी साइनाथ में शिव जगदंबा गुरुकुलम का संचालन किया जा रहा है और उसमें विभिन्न जनपदों के बटुक निवासकर वेद अध्ययन कर रहे हैं। मगर पिपरी साइनाथ में आश्रम और गुरुकुल के लिए उपलब्ध भूमि पर्याप्त न होने के कारण समस्या आ रही थीं।

इस समस्या की जानकारी पर रिटायर्ड मंडलायुक्त सच्चिदानंद पाठक ने सिहोरिया बाजार के निकट रौहारी गांव स्थित अपनी पैतृक जमीन पर गुरुकुल निर्माण का प्रस्ताव दिया और अपनी जमीन स्वेच्छा से गुरुकुल के लिए प्रदान की। गुरुकुलम के मुख्य परिसर के निर्माण का उद्देश्य भारतीय वैदिक परंपरा और गुरुकुल शिक्षा पद्धति को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधन की उपलब्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। प्रस्तावित विशाल भवन के माध्यम से संस्थान की गतिविधियों को विस्तार देने की योजना है।

इसे भी पढ़े  अर्टिगा कार और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत, दो लोगों की मौत

प्राकृतिक वातावरण के बीच श्री शिव जगदम्बा गुरुकुलम का प्रस्तावित परिसर अयोध्या जिले के बीकापुर तहसील के रौहारी गांव में बनाया जाएगा। जो चौरे बाजार से हैदरगंज जाने वाली सड़क पर करीब सात किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। भूमि पूजन में रिटायर्ड आईएएस सच्चिदानंद पाठक, उनकी पत्नी,अधिवक्ता भाई व उनकी पत्नी, बस्ती नगर पालिका के अधिकारी राजीव कुमार पाठक, ग्राम प्रधान अजय यादव समेत क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya