एमएसीटी व्यवस्था वापस होने तक बाल नहीं कटवाएंगे पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-जिला जज, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई

अयोध्या। मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) की मौजूदा व्यवस्था समाप्त कर पुराने सिस्टम से मामलों की सुनवाई कराने की मांग को लेकर मिल्कीपुर के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रमुख सचिव विधि एवं न्याय विभाग को पत्र भेजने के साथ जिला जज रणंजय वर्मा और जिलाधिकारी को भी ज्ञापन दिया है। व्यवस्था वापस लेने की मांग को लेकर उन्होंने संकल्प लिया है कि जब तक इसे वापस नहीं लिया जाता, तब तक बाल नहीं कटवाएंगे।

पूर्व विधायक ने पत्र में कहा है कि प्रदेश में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरणों की स्थापना के बाद अयोध्या और अंबेडकरनगर में मामलों की सुनवाई एक ही न्यायाधिकरण के माध्यम से हो रही है, जबकि पूर्व में जिला जज और अपर जिला जज स्तर के न्यायिक अधिकारियों के पास भी मोटर दुर्घटना दावा वादों की सुनवाई का अधिकार था। इससे मामलों का निस्तारण अपेक्षाकृत तेजी से होता था।

उन्होंने बताया कि अयोध्या में प्रतिवर्ष करीब 400 से 450 और अंबेडकरनगर में 300 से 350 मोटर दुर्घटना दावा वाद दाखिल होते हैं। पूर्व व्यवस्था में छह से 12 महीने के भीतर मामलों का निस्तारण हो जाता था, पूर्व में लगभग 21 कोर्ट हुआ करती थी, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में दो से तीन महीने बाद तारीख मिलने से पीड़ितों को मुआवजे के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने न्यायाधिकरण में कर्मचारियों की कमी और पुराने कर्मचारियों की अधिक उम्र का भी मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि दुर्घटना में पीड़ित परिवार आर्थिक संकट से गुजरते हैं। समय पर मुआवजा नहीं मिलने से उन्हें परेशानी होती है और कई बार आर्थिक मजबूरी में कम राशि पर समझौता करना पड़ता है।

इसे भी पढ़े  वरिष्ठ पत्रकार की हालत बिगड़ी, ब्लड मैन ने दिया रक्त

पूर्व विधायक ने कहा कि मोटर दुर्घटना न्यायाधिकरणों की स्थापना का उद्देश्य पीड़ितों को त्वरित, सुलभ और सस्ता न्याय दिलाना था। अधिक न्यायिक अधिकारियों के माध्यम से मामलों की सुनवाई होने से यह उद्देश्य बेहतर ढंग से पूरा हो सकता है। उन्होंने पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग करते हुए इसके वापस होने तक बाल नहीं कटवाने का संकल्प लिया है।

बेटे की मौत के मामले में छह साल बाद भी न्याय नहीं, इसी से उठाई मांग

मिल्कीपुर के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने बताया कि बढ़ई का पुरवा, सहादतगंज निवासी प्रभा के बेटे राजू की वर्ष 2019 में अब्बूसराय बाईपास के पास ट्रक की चपेट में आने से दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। मामले में पीड़ित परिवार को आज तक न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि इस मामले से प्रभावित होकर उन्होंने मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण की व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर ज्ञापन दिया है। उनका उद्देश्य है कि ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों को समय से न्याय और मुआवजा मिल सके तथा उन्हें वर्षों तक न्यायालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya