-जालौन का है निवासी, प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर
अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। हादसे में युवक के दोनों पैर कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर घायल युवक को पुलिस ने उसकी पत्नी की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उसको लखनऊ रेफर कर दिया।
बताया गया कि मूल रूप से जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र स्थित मोदीपुर निवासी 30 वर्षीय उदय पुत्र कालीदीन यहां नगर कोतवाली क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ रहता है। किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ और विवाद के बाद वह आक्रोश में रेलवे ट्रैक की ओर चला गया तथा एक ट्रेन के आगे कूद गया। ट्रेन की टक्कर से वह ट्रैक के किनारे गिरा,जिसके कारण उसकी जान तो बच गई लेकिन उसके दोनों पैर ट्रेन की चपेट में आ गए और कटकर अलग हो गए। मौके पर हलचल मची तो खबर पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पत्नी रीता की मदद से घायल युवक को मुख्य आरक्षी चंद्र कुमार मिश्र ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके की नजाकत को देखते हुए नगर कोतवाल मनोज कुमार शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंच गए।युवक की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल के इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसको लखनऊ रेफर कर दिया।