राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में गिरफ्तार लवकुश मिश्रा की पत्नी को एडीए ने भेजा नोटिस

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-भवन निर्माण की वैधता पर छह दिन में मांगा जवाब

अयोध्या। राम जन्मभूमि मंदिर चढ़ावा प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने निर्माणाधीन मकान के संबंध में नोटिस जारी किया है। एडीए ने भवन निर्माण की वैधता पर सवाल उठाते हुए छह दिन के भीतर जवाब देने को कहा है। नोटिस में पूछा गया है कि निर्माणाधीन मकान का मानचित्र प्राधिकरण से स्वीकृत कराया गया था या नहीं।

यदि निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो भवन के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है। बताया जा रहा है कि लवकुश मिश्रा ने वर्ष 2025 में अपनी पत्नी के नाम 1032 वर्गफुट भूमि खरीदी थी, जिस पर फरवरी 2026 से एक आलीशान मकान का निर्माण कराया जा रहा है। हाईवे के समीप स्थित इस भवन की अनुमानित लागत 80 लाख से एक करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, लवकुश मिश्रा राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट में चढ़ावे की गणना का कार्य करता था और उसे प्रतिमाह लगभग 15 से 20 हजार रुपये वेतन मिलता था। ऐसे में कम आय के बावजूद महंगे भवन के निर्माण को लेकर भी जांच एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं।

चढ़ावा प्रकरण में गिरफ्तार लवकुश मिश्रा वर्तमान में जेल में बंद है और उसकी गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 14 लाख रुपये बरामद होने का दावा किया गया था। चढ़ावे की गणना से जुड़े आरोपी अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी स्थित आवास पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो सकती है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya