अयोध्या। राष्ट्रीय राजमार्ग पर उ प्र परिवहन निगम के चालकों की गैर जिम्मेदाराना परिचालन से सड़क दुर्घटना थमने का नाम नहीं ले रही है।संबधित विभागीय अधिकारियों का चालकों पर कोई अंकुश नहीं होने के कारण रौनाही थाना क्षेत्र के सत्तीचौरा चौकी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसहा से गोड़वा के बीच शनिवार तड़के कानपुर से आजमगढ़ की ओर जा रही बस संख्या यूपी 78 के टी 0922 पहले से खराब डीसीएम के पीछे से घुस गयी।
बस में सवार शकुंतला 30 वर्ष, शिवानी 26 वर्ष कबूतरी 47 वर्ष निवासी गुप्तार घाट कानपुर शुभम पांडेय 26 वर्ष निवासी वुडनपुर परमेश्वर 58 वर्ष निवासी आजमगढ़ को चोटें आईं। अचानक हुई टक्कर से चीख पुकार सुनकर दौड़े आसपास के ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सोहावल भेजा।बाकी सवारियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया।
इस सम्बन्ध में चौकी प्रभारी सत्यम अग्रवाल ने बताया कि लखनऊ की ओर से रिफाइंड तेल का टिन लादकर अयोध्या की ओर जा रहा था। जिसके अचानक खराब होने के कारण पहले से खड़ा था। पीछे से बस की टक्कर होने से पांच यात्री चोटहिल हो गये । सभी को इलाज के लिए चिकित्सालय भेज दिया गया। सब की हालत ठीक है।
मालूम हो कि बीते माह में भी थाना क्षेत्र में ही दो अन्य दुर्घटनायें हुई। जिसमें लगभग आधा दर्जन से अधिक घायल हुए। लेकिन संबधित विभाग का अंकुश न होने के कारण शनिवार की भोर को हुई इस दुर्घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।