-कृषि मंत्री रविवार कृषि विश्वविद्यालय में करेंगे पौधरोपण
अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने तमसा एवं अलखनंदा छात्रावास परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधा रोपित किया। उनके निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया। कुलपति ने विद्यार्थियों से अपील किया कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें अपनी मां के नाम समर्पित कर उनकी नियमित देखभाल भी करें, ताकि पौधे वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। आज के पौधारोपण कार्यक्रम का संयोजन अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी. नियोगी ने किया।
प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत कृषि विश्वविद्यालय में रविवार को वृहद पौधरोपण अभियान आयोजित होना सुनिश्चित हुआ है। मुख्य परिसर व कृषि विज्ञान केंद्रों को मिलाकर कुल 1 लाख 10 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य है। अभियान में शामिल होने के लिए प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही रविवार शाम करीब पांच बजे विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। वह कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
वहीं, कृषि महाविद्यालय में रविवार को प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां की गईं। अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की तैयारी और पौधरोपण की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।